Ramakant Dayama Death: दिग्गज अभिनेता रमाकांत दायमा का 85 वर्ष की उम्र में निधन, करण मेहरा और शुभांगी लटकार ने जताया शोक
May 26, 2026 1:59 PM
मुंबई। टेलीविजन और अभिनय जगत से जुड़े वरिष्ठ कलाकार रमाकांत दायमा का निधन हो गया है। उन्होंने 85 वर्ष की आयु में आखिरी सांस ली। पारिवारिक सूत्रों और सहयोगियों के मुताबिक, उन्होंने मंगलवार (26 मई) की सुबह दुनिया को अलविदा कहा। उनके निधन की खबर आते ही टीवी इंडस्ट्री के तमाम कलाकारों और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रमाकांत दायमा पिछले लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उम्र संबंधी दिक्कतों का सामना कर रहे थे। उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि उनके साथ काम कर चुके सह-कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए की है।
को-स्टार करण मेहरा ने साझा किया भावुक पोस्ट
रमाकांत दायमा के साथ हालिया टीवी सीरियल 'मेहंदी वाला घर' में काम कर चुके अभिनेता करण मेहरा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दुख व्यक्त किया। करण मेहरा ने लिखा कि आज हमने एक ऐसी शख्सियत को खो दिया जिसकी आवाज और मौजूदगी हर सीन में जान फूंक देती थी। वह न केवल एक बेहतरीन अभिनेता थे, बल्कि एक शानदार गायक भी थे।
करण मेहरा ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि वह बहुत से लोगों के लिए एक पिता समान मार्गदर्शक और सच्चे दोस्त थे। उनकी कलाकारी और उनका प्यार हमेशा हमारे दिलों में रहेगा। हम एक बेहद पवित्र आत्मा को विदाई दे रहे हैं।
अभिनेत्री शुभांगी लटकार ने भी दी श्रद्धांजलि
इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री शुभांगी लटकार ने भी एक विस्तृत पोस्ट लिखकर रमाकांत दायमा को याद किया। उन्होंने लिखा कि रमाकांत जी उनके लिए केवल एक सह-कलाकार नहीं, बल्कि एक पारिवारिक मित्र की तरह थे। वह हमेशा ऊर्जा और जीवन से भरपूर रहते थे और उन्हें पता था कि जीवन की चुनौतियों का सामना हंसते हुए कैसे करना है।
शुभांगी लटकार के मुताबिक, रमाकांत दायमा एक लाजवाब डांसर, बेहतरीन गायक और बेमिसाल अभिनेता थे। वह एक ऐसे सलाहकार थे जिनकी बातें हमेशा जीवन में सही दिशा दिखाने का काम करती थीं। उनके जाने से अभिनय क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।