फरीदकोट: पंजाब को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में फरीदकोट पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के विजन और डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों पर चलते हुए, फरीदकोट पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' के तहत महज 72 घंटों के भीतर अपराधियों पर चौतरफा हमला बोला। इस मैराथन ऑपरेशन के दौरान जिले भर में 211 लोगों को राउंडअप किया गया, जिनमें से 125 को गिरफ्तार किया जा चुका है।

  

गैंगस्टरों पर सर्जिकल स्ट्राइक: बंबीहा गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार

डीआईजी (क्राइम) नवीन सैनी और एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बंबीहा गैंग के 4 मुख्य सदस्यों को दबोच लिया। इसमें ढिलवां कलां का निवासी सुरिंदर सिंह उर्फ लाडी भी शामिल है, जो कई संगीन वारदातों में पुलिस की हिट लिस्ट में था। पुलिस ने केवल गैंगस्टरों ही नहीं, बल्कि उन्हें पनाह देने वाले 21 मददगारों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया है। कुल मिलाकर 5 सक्रिय गैंग के 28 सदस्यों को गिरफ्तार कर कई अनसुलझे मामलों को सुलझाने का दावा किया गया है।


ड्रग्स के खिलाफ बड़ी मछली 'वंजारा' पुलिस के जाल में

नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पुलिस ने 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी सफलता 'सेफ पंजाब हेल्पलाइन' से मिली जानकारी रही, जिसके आधार पर कुख्यात ड्रग डीलर हरदीप सिंह उर्फ वंजारा (निवासी जैतो) को गिरफ्तार किया गया। वंजारा पर पहले से ही ड्रग तस्करी के 14 मामले दर्ज हैं। ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने पूरे जिले को किले में तब्दील कर दिया था। जिले की सीमाओं पर 50 से अधिक चेकपॉइंट लगाए गए। रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और सार्वजनिक स्थानों पर बारीकी से तलाशी ली गई। पुलिस की इस सक्रियता से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है और उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई का पुरजोर समर्थन किया है।


फरीदकोट पुलिस लोगों को भयमुक्त माहौल देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम यह स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि कानून तोड़ने वाले किसी भी अपराधी या समाज विरोधी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। - डॉ. प्रज्ञा जैन, एसएसपी फरीदकोट


इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि फरीदकोट में अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बची है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!