Search

स्कूल में रोते हुए टीचर से बोली 9 साल की मासूम- 'पापा गलत करते हैं, बचा लो'

May 19, 2026 11:42 AM

फतेहाबाद। रिश्तों को तार-तार करने वाली यह दर्दनाक घटना फतेहाबाद के एक प्राइमरी स्कूल में सामने आई। रोज की तरह स्कूल पहुंची चौथी क्लास की एक 9 वर्षीय छात्रा अचानक क्लास में गुमसुम हो गई और रोने लगी। जब उसकी क्लास टीचर ने दुलार कर रोने की वजह पूछी, तो मासूम ने जो कुछ भी कहा उसे सुनकर शिक्षिका के पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्ची ने रोते हुए अपनी टीचर का हाथ पकड़ा और कहा, "मैडम, घर पर पापा मेरे साथ गलत हरकत करते हैं, मुझे प्लीज बचा लो।" शिक्षिका ने बिना कोई वक्त गंवाए तुरंत इसकी जानकारी स्कूल के हेडमास्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को दी।

पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी पिता सलाखों के पीछे

शिक्षा विभाग ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फौरन बाल कल्याण समिति (CWC) को सूचित किया। समिति के निर्देश पर जब एक्सपर्ट्स ने बच्ची की काउंसलिंग की, तो उसने सिलसिलेवार ढंग से पूरी आपबीती बयां कर दी, जिससे हरकतों की पुष्टि हो गई। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा ने बताया कि बाल कल्याण समिति की लिखित शिकायत और जिला शिक्षा अधिकारी से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने 7 मई को तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गहन तफ्तीश के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बीमार हैं दादा, अब पंचकूला के सरकारी होम में होगी परवरिश

इस पूरे घटनाक्रम के बाद बच्ची के घर की स्थिति बेहद नाजुक हो गई है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी शिवकुमार ने बताया कि इस समय पीड़ित बच्ची की देखभाल करने वाला परिवार में कोई सक्षम व्यक्ति नहीं है, क्योंकि उसके दादा गंभीर रूप से बीमार रहते हैं। ऐसी स्थिति में बच्ची की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और आगे की पढ़ाई-लिखाई को ध्यान में रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। बाल संरक्षण विभाग ने फैसला लिया है कि कानूनी औपचारिकताओं के बाद मासूम को पंचकूला स्थित बाल देखरेख गृह (चाइल्ड केयर होम) भेजा जाएगा, ताकि वह एक सुरक्षित और गरिमापूर्ण माहौल में अपनी आगे की जिंदगी जी सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!