फतेहाबाद में गैस की कालाबाजारी पर 'हंटर': सीएम की फटकार के बाद नींद से जागा विभाग, दुकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंप
Mar 14, 2026 1:51 PM
फतेहाबाद। एक तरफ आम आदमी अपने घर का चूल्हा जलाने के लिए घंटों लाइनों में खड़ा है और हफ्तों पहले की गई बुकिंग के बाद भी उसे सिलेंडर नसीब नहीं हो रहा, वहीं दूसरी ओर फतेहाबाद के बाजारों में घरेलू गैस की 'गंगा' व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उल्टी बह रही है। गैस की इस कथित किल्लत के बीच जब मुख्यमंत्री कार्यालय से डंडा चला, तब जाकर स्थानीय खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की नींद टूटी। शनिवार को विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की और घरेलू सिलेंडरों के अवैध कमर्शियल इस्तेमाल का भंडाफोड़ किया।
हलवाई की दुकान और नमकीन भंडार पर छापेमारी
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने सुबह शहर के बस स्टैंड के पास मोर्चा संभाला। यहां एक नामी मिष्ठान भंडार और बगल की चाय की दुकान पर अचानक दबिश दी गई। टीम को देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि भट्ठियों पर नीले रंग के कमर्शियल सिलेंडरों की जगह लाल रंग के घरेलू सिलेंडर आग उगल रहे थे। इसके बाद टीम ने बीघड़ रोड स्थित एक नमकीन भंडार पर भी रेड की। जांच में पाया गया कि मोटे मुनाफे के चक्कर में दुकानदार गरीबों के हक की सब्सिडी वाली गैस का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों के लिए कर रहे थे।
बिना रोक-टोक रेहड़ियों पर खप रही गैस
विभाग के सब-इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि आज के विशेष अभियान के दौरान तीन घरेलू सिलेंडर मौके से जब्त किए गए हैं। हालांकि, शहर की जमीनी हकीकत इससे कहीं ज्यादा गंभीर है। फतेहाबाद की गलियों और मुख्य मार्गों पर खड़े रेहड़ी संचालक बिना किसी खौफ के घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हैरत की बात यह है कि जब आम जनता को एजेंसी से गैस नहीं मिलती, तब इन संचालकों के पास ये सिलेंडर कहां से पहुंच रहे हैं? क्या इसमें गैस एजेंसियों या बिचौलियों की कोई मिलीभगत है? विभाग अब इन कड़ियों को जोड़ने में जुटा है।
जनता परेशान, माफिया मेहरबान
फतेहाबाद के उपभोक्ताओं का कहना है कि सरकार की सख्ती के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। पैनिक बुकिंग और सप्लाई चेन में देरी का बहाना बनाकर एजेंसियां पल्ला झाड़ लेती हैं, लेकिन कमर्शियल इकाइयों में उसी गैस की उपलब्धता विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाती है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान अभी थमेगा नहीं और आने वाले दिनों में उन सभी लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा जो घरेलू गैस का दुरुपयोग कर रहे हैं।