Search

फतेहाबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी: दो शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, 4 मोटरसाइकिलें बरामद

Apr 23, 2026 3:33 PM

फतेहाबाद। फतेहाबाद शहर में सक्रिय बाइक चोरों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कस दिया है। जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। डीएसपी कुलवंत सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ये गिरफ्तारियां अलग-अलग इलाकों में दर्ज शिकायतों पर की गई त्वरित कार्रवाई का नतीजा हैं।

पहली गिरफ्तारी: बैंक एटीएम के पास से उड़ाई थी बाइक

मामले के अनुसार, गांव बोसवाल निवासी राजेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 11 अप्रैल को पुराने बस अड्डे के पास स्थित एसबीआई एटीएम के बाहर से उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की, तो तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर राहुल नामक युवक को काबू किया गया। भूना का रहने वाला राहुल पुलिस की पूछताछ में ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

दूसरी गिरफ्तारी: शादी के जश्न के बीच पार्किंग से किया हाथ साफ

चोरी का दूसरा मामला रतिया रोड स्थित शीश महल पैलेस का है। जींद निवासी विकास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 अप्रैल को एक शादी समारोह के दौरान पैलेस की पार्किंग से उसकी बाइक गायब हो गई। गुरुनानक पुरा पुलिस चौकी की टीम ने इस मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए पवन कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी पवन मूल रूप से हिसार के बिठमड़ा का रहने वाला है और फिलहाल भूना के चंदन नगर में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से भी दो बाइक बरामद हुई हैं।

टोहाना तक जुड़े हैं चोरी के तार

पुलिस की जांच में एक अहम जानकारी यह सामने आई कि पवन कुमार के पास से मिली दो बाइकों में से एक फतेहाबाद शहर की है, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल टोहाना शहर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपी जिले के अलग-अलग शहरों में घूमकर वारदातों को अंजाम देते थे। डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और उन्होंने अब तक कुल कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!