Search

फतेहाबाद में सीआईए की बड़ी स्ट्राइक: दिल्ली से बाइक पर लाया 3 करोड़ की हेरोइन, तस्कर गिरफ्तार

May 11, 2026 4:16 PM

फतेहाबाद। हरियाणा में नशे के सौदागरों के खिलाफ छिड़ी जंग में फतेहाबाद पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस की सीआईए यूनिट ने एक ऐसे शातिर तस्कर को बेनकाब किया है, जो दिल्ली से बाइक पर सवार होकर करोड़ों का नशा फतेहाबाद की गलियों में खपाने आया था। पकड़े गए आरोपी की पहचान भूना निवासी 'नन्हा' के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1 किलो 510 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बताई जा रही है।

शांति निकेतन स्कूल के पास चल रहा था खेल, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

डीएसपी कुलवंत सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सीआईए टीम को भूना क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप आने की पुख्ता जानकारी मिली थी। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने बालाजी कॉलोनी स्थित शांति निकेतन स्कूल के पास एक निर्माणाधीन मकान पर दबिश दी। वहां मौजूद आरोपी नन्हा पुलिस को देखकर भागने की फिराक में था, लेकिन सतर्क जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद बैग से हेरोइन का भारी जखीरा बरामद हुआ।

दिल्ली कनेक्शन: बाइक से ढोया जा रहा था 'सफेद जहर'

पूछताछ में जो खुलासा हुआ है, उसने पुलिस की भी चिंता बढ़ा दी है। आरोपी ने कबूल किया कि वह यह हेरोइन दिल्ली के सप्लायरों से लेकर आया था। हैरानी की बात यह है कि पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए उसने किसी लग्जरी गाड़ी के बजाय मोटरसाइकिल का सहारा लिया, ताकि किसी को शक न हो। वह दिल्ली से बाइक चलाकर सीधे भूना पहुंचा था और यहां इस खेप को छोटे तस्करों और नशेड़ियों को सप्लाई करने की तैयारी में था।

पुराना है आपराधिक रिकॉर्ड, मुख्य सप्लायर की तलाश तेज

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नन्हा कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि नशे के कारोबार का पुराना खिलाड़ी है। उस पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट और प्रिजन एक्ट के तहत कुल 5 मामले दर्ज हैं। कई बार जेल की हवा खाने के बावजूद वह बाहर आकर दोबारा इसी धंधे में जुट जाता था। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। डीएसपी ने साफ किया कि रिमांड के दौरान दिल्ली के उन मुख्य सप्लायरों का पता लगाया जाएगा, जो हरियाणा के युवाओं की रगों में जहर घोलने का काम कर रहे हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!