फतेहाबाद में खूनी रंजिश: मुखबिरी के शक में युवक पर टूटे पिता-पुत्र, लोहे के कड़े से हमला कर किया लहूलुहान
May 02, 2026 11:56 AM
फतेहाबाद (जग मार्ग)। हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पुलिस का मददगार होने के शक में एक युवक की सरेराह बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गांव हिजरावां कलां में रंजिश की आग इस कदर भड़की कि पिता और पुत्र ने मिलकर एक 22 वर्षीय युवक को उस वक्त घेर लिया जब वह धार्मिक स्थल पर माथा टेकने जा रहा था। हमलावरों ने युवक पर लोहे के कड़े से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल घायल को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
दरगाह के पास रास्ता रोककर किया हमला
गांव हिजरावां कलां निवासी ओमप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यह पूरी वारदात 30 अप्रैल की है। वह शाम के वक्त गांव में स्थित पीर बाबा की दरगाह पर माथा टेकने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वह दरगाह के पास पहुंचा, गांव के ही महला सिंह और उसके बेटे रवि उर्फ मोडु ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया। ओमप्रकाश के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले से ही गुस्से में थे और उसे देखते ही गाली-गलौज करने लगे।
"तुझे मुखबरी का मजा चखाते हैं"
पीड़ित का आरोप है कि महला सिंह और रवि ने चिल्लाते हुए कहा कि उसने पुलिस के पास मुखबिरी की है, जिसकी वजह से उनके परिवार का सदस्य बब्बू पुलिस के हत्थे चढ़ा है। ओमप्रकाश ने जब सफाई देने की कोशिश की और कहा कि उसने कोई मुखबरी नहीं की है, तो आरोपियों ने उसकी एक न सुनी। महला सिंह ने युवक को पीछे से पकड़ लिया और रवि ने अपने हाथ में पहने भारी लोहे के कड़े से ओमप्रकाश के सिर और शरीर पर कई प्रहार किए।
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर, आरोपियों की तलाश जारी
शोर सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, तो दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। हमलावरों ने जाते-जाते युवक को चेतावनी दी कि अगर दोबारा पुलिस को जानकारी दी तो उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। घायल अवस्था में गांव के ही जसवीर सिंह ने ओमप्रकाश को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सदर थाना पुलिस ने महला सिंह और उसके बेटे रवि के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।