टोहाना में आईपीएल सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: पिंक स्टोन होटल में सीआईए की रेड, 2 बुकी गिरफ्तार
Apr 19, 2026 2:24 PM
टोहाना। सीआईए प्रभारी उप-निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस को पुख्ता मुखबिरी मिली थी कि पिंक स्टोन होटल के एक कमरे में कुछ युवक लैपटॉप और मोबाइल के जरिए सट्टे का 'बुकिंग सेंटर' चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से होटल के कमरा नंबर 102 में दबिश दी।
अंदर का नजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई; वहां अश्वनी और अनिल फोन लाइनों पर व्यस्त थे और लैपटॉप पर मैच की पल-पल की अपडेट के साथ सट्टे की दरें (भाव) तय की जा रही थीं।
रसूखदारों के साथ फोटो और होटल संचालकों की भूमिका पर सवाल
इस कार्रवाई के बाद शहर के जागरूक नागरिकों ने जिला पुलिस कप्तान से होटल संचालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ होटल संचालक महज ज्यादा किराए के लालच में ऐसे अवैध कार्यों के लिए कमरे उपलब्ध कराते हैं।
चर्चा यह भी है कि ये संचालक सत्ताधारी नेताओं के साथ अपनी तस्वीरों का इस्तेमाल कर प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। टोहाना में हर साल आईपीएल के दौरान करोड़ों का वारा-न्याया होता है, जिससे न केवल युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है बल्कि अपराध की जड़ें भी मजबूत हो रही हैं।
पुलिस की चेतावनी: जारी रहेगी छापेमारी
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना शहर में एफआईआर नंबर 109/2026 दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इन सट्टेबाजों के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि इनके मुख्य आकाओं तक पहुंचा जा सके। सीआईए प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल शुरुआती है;
आईपीएल के आने वाले मैचों के दौरान जिले के हर उस संदिग्ध ठिकाने पर नजर रखी जा रही है जहां सट्टेबाजी की संभावना है। आमजन ने पुलिस से मांग की है कि इस बार 'बुकीज' का पूरी तरह सफाया किया जाए ताकि शहर की फिजा खराब न हो।