टोहाना में बड़ा हादसा: शॉर्ट सर्किट से फूकीं 12 झुग्गियां, रोते-बिलखते बच्चों को लेकर भागीं महिलाएं
May 22, 2026 4:43 PM
फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां रेलवे पुल के नीचे बनी बाबा बूटा बस्ती में आज दोपहर अचानक लगी आग ने भारी तबाही मचाई। बिजली के ढीले तारों में हुए शॉर्ट सर्किट की एक चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते 12 गरीब परिवारों की झुग्गियां धू-धू कर जल उठीं। हादसे के वक्त ज्यादातर पुरुष मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, जिससे बस्ती में चीख-पुकार मच गई और महिलाएं अपने मासूम बच्चों को गोद में उठाकर जान बचाने के लिए बदहवास भागने लगीं।
पाई-पाई को मोहताज हुए मंडी के मजदूर, रोते-बिलखते कटे दिन
इस अग्निकांड ने उन दिहाड़ी मजदूरों के सिर से छत छीन ली है जो दूसरे राज्यों से आकर यहां अनाज मंडी में खून-पसीना बहाते हैं। प्रत्यक्षदर्शी महिला संतोष ने रूंधे गले से बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। इन झुग्गियों के भीतर रखा राशन, बिस्तर, पंखे, कूलर और पूरी गृहस्थी का सामान चंद मिनटों में मलबे के ढेर में बदल गया। सबसे बड़ा झटका इन परिवारों को यह लगा है कि उनकी मेहनत की कमाई की नकदी और जरूरी पहचान पत्र व कागजात भी इसी आग की भेंट चढ़ गए।
दमकल विभाग की सुस्ती पर भड़का कांग्रेसी गढ़ और स्थानीय जनता का गुस्सा
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखा। पीड़ित परिवारों का सीधा आरोप है कि दमकल विभाग को तुरंत सूचना देने के बावजूद गाड़ियां करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंचीं।
अगर फायर ब्रिगेड की टीम वक्त रहते मुस्तैद दिखाई देती, तो शायद इन गरीबों का इतना बड़ा नुकसान होने से बच जाता। हालांकि, बाद में दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस और डायल-112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत कार्य शुरू करवाया। अब ये बेघर परिवार खुले आसमान के नीचे दाने-दाने को मोहताज हैं और सरकार से मदद की आस लगाए बैठे हैं।