Search

फरीदाबाद से गुड़गांव आ रही लग्जरी कार बनी आग का गोला, शॉर्ट सर्किट ने मचाया तांडव

Mar 16, 2026 5:43 PM

गुड़गांव। सड़क पर चलती गाड़ियों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला आज सुबह का है जब एक व्यक्ति अपनी एमजी कार में सवार होकर फरीदाबाद से सोहना होते हुए गुड़गांव की तरफ जा रहा था। जैसे ही गाड़ी घामडौज टोल प्लाजा के करीब पहुंची, चालक को केबिन में जलने की गंध और बोनट से हल्का धुआं निकलता महसूस हुआ। चालक ने बिना देरी किए गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया और जैसे ही वह बाहर निकला, आग की लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई

दमकल अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि सुबह 9:15 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि टोल प्लाजा के पास एक चलती गाड़ी में भीषण आग लग गई है। सूचना के तुरंत बाद सोहना दमकल केंद्र से एक गाड़ी को मौके पर रवाना किया गया। जब तक फायर ब्रिगेड वहां पहुंची, आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी। दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला और करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 10 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, तब तक गाड़ी का अगला हिस्सा और इंटीरियर बुरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

शॉर्ट सर्किट बना काल!

प्रारंभिक जांच और चालक से मिली जानकारी के आधार पर दमकल अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की वजह इंजन के वायरिंग में हुआ शॉर्ट सर्किट हो सकती है। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को गाड़ी के अंदर रखा सामान निकालने का भी मौका नहीं मिला। राहत की बात सिर्फ इतनी रही कि उस वक्त गाड़ी में चालक अकेला था और समय रहते बाहर निकलने में कामयाब रहा।

हाईवे पर लगा जाम

हादसे के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। बीच सड़क धूं-धूं कर जलती कार को देख वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू करवाया और जली हुई गाड़ी को क्रेन की मदद से सड़क किनारे से हटवाया। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती गर्मी और इंजन के ओवरहीटिंग के चलते अक्सर गाड़ियों की वायरिंग में खराबी आ जाती है, जिससे ऐसे हादसे होते हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!