Search

गुरुग्राम एमज रोड फायरिंग: एमजीएफ मॉल के गेट पर गोली चलाने वाला प्रॉपर्टी डीलर नवीन गिरफ्तार

Apr 19, 2026 1:10 PM

गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम के सबसे चर्चित और भीड़भाड़ वाले एमजी रोड स्थित एमजीएफ (MGF) मॉल के बाहर पिछले दिनों हुई हवाई फायरिंग के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सेक्टर-17 क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया सूचनाओं के आधार पर दिल्ली के घिटोरनी निवासी नवीन कुमार को काबू किया है। नवीन पर आरोप है कि उसने मॉल के मुख्य द्वार पर अपनी पिस्टल से हवाई फायर किया था, जिससे वहां मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों में भगदड़ मच गई थी।

'क्वीन क्लब' से निकलते ही दिखाया टशन; शराब के नशे में वारदात की आशंका

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में जो तथ्य सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। आरोपी नवीन कुमार गुरुग्राम और दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। वारदात वाली रात वह मॉल के अंदर स्थित 'क्वीन क्लब' में पार्टी करने आया था। क्लब से बाहर निकलते ही उसने अपनी रसूख या टशन दिखाने के चक्कर में मॉल के गेट पर ही हवाई फायरिंग कर दी। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षित माने जाने वाले मॉल के गेट पर गोली चलने से गुरुग्राम पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए थे।

रिमांड पर लेकर हथियार की होगी तलाश; कार जब्त

पुलिस ने नवीन के कब्जे से उस कार को बरामद कर लिया है, जिसमें सवार होकर वह वारदात के बाद मौके से फरार हुआ था। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को अब जिला अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया जाना तय है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाएगी कि वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंस था या अवैध। साथ ही, फायरिंग के पीछे का असली मकसद और उस समय उसके साथ मौजूद अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी।

मॉल की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर एमजी रोड स्थित मॉल्स और वहां चलने वाले क्लबों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक व्यक्ति हथियार लेकर मॉल और क्लब के अंदर तक कैसे पहुंच गया? गुरुग्राम पुलिस अब मॉल प्रबंधन को भी इस संबंध में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देने की तैयारी में है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!