Search

गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कामयाबी: बॉलीवुड सितारों को ठगने वाला 'गोल्ड कॉइन' गैंग दबोचा, करोड़ों बरामद

Apr 16, 2026 4:01 PM

गुरुग्राम। साइबर सिटी की पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह के मंसूबों पर पानी फेर दिया है, जो 'गरीब मजदूर' का भेष धरकर रईसों की जेबें खाली करता था। सस्ते सोने के सिक्के बेचने का झांसा देकर इस गैंग ने सुशांत लोक के एक व्यक्ति से करीब 2.5 करोड़ रुपये और आधा किलो सोना ठग लिया। लेकिन जब पुलिस ने जांच की परतें खोलीं, तो पता चला कि इस गैंग का जाल सिर्फ आम लोगों तक नहीं, बल्कि मायानगरी मुंबई के बड़े सितारों तक फैला हुआ है।

असली सिक्कों से जीतते थे भरोसा, फिर थमाते थे पीतल

ठगी का तरीका बेहद शातिर था। गैंग के सदस्य अनपढ़ मजदूरों का हुलिया बनाकर घूमते थे। वे शिकार को 5-6 असली सोने के सिक्के दिखाते और कहते कि ये उन्हें खुदाई के दौरान मिले हैं। वे डर का नाटक करते हुए कहते, "साहब, हम मजदूर हैं, बाजार जाएंगे तो पुलिस पकड़ लेगी, आप चेक करा लो।" जब शिकार ज्वेलर्स से चेक कराता और सिक्के असली निकलते, तो उसका लालच जाग जाता। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी तांबे पर सोने का पानी चढ़ाकर करोड़ों रुपये लेकर चंपत हो जाते थे।

ठगी के पैसों से बनाई फिल्म और की चार शादियां

गिरोह का सरगना सोलंकी प्रभुभाई उर्फ रवि कोई मामूली अपराधी नहीं है। वह पिछले ढाई दशक से अपराध की दुनिया में है। ठगी की कमाई से उसने न केवल दिल्ली-मुंबई रोड पर आलीशान 'होटल PM' खड़ा किया, बल्कि गुजराती फिल्म 'लव यू' (Love You) का निर्माण भी किया। इतना ही नहीं, प्रभु भाई ने चार शादियां की हैं और अब अपनी पत्नी पार्वती सोलंकी के जरिए गुजरात की राजनीति में रसूख जमाने की कोशिश में था।

सलीम खान और आदित्य पंचोली भी नहीं बचे

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह करीब 15 साल पहले बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली से 25 लाख रुपये और सुपरस्टार सलमान खान के पिता सलीम खान के पीए से 20 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। प्रभु भाई के खिलाफ महाराष्ट्र और गुजरात में धोखाधड़ी के करीब 9 मामले पहले से दर्ज हैं।

सवा दो करोड़ रुपये बरामद

गुरुग्राम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से सोलंकी प्रभुभाई और पंकज शर्मा को गुरुग्राम से, जबकि मनीष शाह और ईश्वर मारवाड़ी को गुजरात से धर दबोचा। एसीपी क्राइम के मुताबिक, आरोपियों के पास से 2 करोड़ 30 लाख 5,700 रुपये नकद और 678 ग्राम सोना बरामद किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य गुर्गों की तलाश में छापेमारी कर रही है। यह मामला एक सबक है कि अत्यधिक मुनाफे का लालच अक्सर गहरे आर्थिक गड्ढे की ओर ले जाता है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!