Search

Gurugram News: गुरुग्राम में देर रात एनकाउंटर: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भाऊ गैंग के दो शूटरों को पुलिस ने पैर में मारी गोली

May 30, 2026 11:19 AM

गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम का मानेसर इलाका देर रात उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब क्राइम ब्रांच और दिल्ली-हरियाणा के मोस्ट वांटेड हिमांशु भाऊ गैंग के दो शार्प शूटरों के बीच आमना-सामना हो गया। यह मुठभेड़ दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर सहरावन गांव के नजदीक हुई। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम को खुफिया इनपुट मिला था कि बाइक सवार दो शूटर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के मकसद से मानेसर बेल्ट से गुजरने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने हाईवे के पास जाल बिछाया था।

नाकेबंदी देख बदमाशों ने झोंकी फायरिंग, पुलिस ने पैर पर मारी गोली

सड़क पर नाकेबंदी के दौरान जब पुलिस टीम ने सामने से आ रही एक संदिग्ध स्प्लेंडर बाइक को रुकने का इशारा किया, तो उस पर सवार बदमाशों ने खुद को घिरा देख रफ्तार बढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने जब उन्हें दबोचना चाहा, तो बाइक पर पीछे बैठे शूटर ने पिस्तौल निकालकर सीधे पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से करीब 15 राउंड गोलियां चलीं। बदमाशों की तरफ से चलाई गई तीन गोलियां सीधे पुलिस की सरकारी गाड़ी पर जा लगीं, लेकिन गनीमत रही कि बुलेटप्रूफ जैकेट और मुस्तैदी के चलते कोई भी पुलिसकर्मी हताहत नहीं हुआ। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं, जो दोनों बदमाशों के पैरों में लगीं और वे बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े।

दिल्ली में हाल ही में की थी फायरिंग, दर्ज हैं दर्जनों संगीन मुकदमे

पुलिस ने मौके पर ही दोनों को दबोचकर उनके पास से अवैध हथियार और बाइक बरामद कर ली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिल्ली के कंझावला इलाके के रहने वाले करण उर्फ रोनी और प्रवेश के रूप में हुई है। शुरुआती तफ्तीश में यह बात साफ हुई है कि दोनों ही जरायम की दुनिया में आतंक का पर्याय बने विदेश में बैठे हिमांशु भाऊ गैंग के एक्टिव शूटर हैं। इन दोनों पर दिल्ली और हरियाणा के अलग-अलग थानों में हत्या, मर्डर अटेंप्ट, रंगदारी और डकैती जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में दिल्ली के एक इलाके में हुई अंधाधुंध फायरिंग की वारदात में भी इन दोनों का नाम प्रमुखता से सामने आया था।

अस्पताल में इलाज जारी, डिस्चार्ज होते ही रिमांड पर लेगी गुरुग्राम पुलिस

मुठभेड़ में घायल होने के बाद दोनों आरोपियों को तुरंत गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि दोनों शूटरों की हालत अभी स्थिर है और डॉक्टरों से हरी झंडी मिलते ही इन्हें कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान इस बात का पता लगाया जाएगा कि ये दोनों गुरुग्राम में किस व्यापारी या नामी हस्ती को अपना निशाना बनाने आए थे और इन्हें लॉजिस्टिक सपोर्ट कौन मुहैया करवा रहा था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!