Praneet More: कॉमेडी के नाम पर महिलाओं का अपमान करने वाले प्रणित मोरे और हिमांशु पर FIR दर्ज
Jun 17, 2026 1:41 PM
गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम के एक नामचीन क्लब में कॉमेडी के नाम पर महिलाओं की गरिमा को सरेआम ठेस पहुंचाने का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। '370 बिरयानी' नाम से वायरल हुए एक स्टैंडअप कॉमेडी वीडियो को लेकर अब स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे और वेब डेवलपर हिमांश जांगड़ा कानूनी पचड़े में बुरी तरह फंस चुके हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) द्वारा हरियाणा के डीजीपी को लिखे कड़े पत्र के बाद हरकत में आई गुरुग्राम पुलिस ने दोनों के खिलाफ संगीन और गैर-जमानती धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्या था '370 बिरयानी' का पूरा विवाद?
यह पूरा विवाद बीती 12 अप्रैल को साइबर सिटी स्थित 'द लाफ स्टोर' क्लब में आयोजित एक शो के दौरान शुरू हुआ। मंच पर मौजूद हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक कथित 'डेट' का किस्सा सुनाते हुए कहा कि उसने लड़की के साथ 360-370 रुपये की चिकन बिरयानी खाई थी। इसके बाद जब लड़की ने उसे घर छोड़ने को कहा, तो हिमांशु के मुताबिक, उसने सोचा कि "370 रुपये लगे हैं, वसूल तो करूंगा।" हिमांशु ने आगे कहा कि लड़की को अपने कमरे पर ले जाने में नाकाम रहने के बाद वह उसे एक 'अंधेरे' पार्क में ले गया। इस बेहद आपत्तिजनक बात पर मंच पर मौजूद दूसरे कॉमेडियन प्रणित मोरे ने ठहाका लगाते हुए इसे "पीक गुरुग्राम कंटेंट" करार दिया।
महिला आयोग का कड़ा रुख, कहा- यह 'मजाक' नहीं, गंभीर हमला है
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पैसे खर्च करने के बदले लड़की के जिस्म से 'वसूली' करने की इस घटिया मानसिकता और महिला की सहमति (कंसेंट) का सरेआम मजाक उड़ाने पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने सख्त रुख अख्तियार किया। आयोग ने डीजीपी को लिखी चिट्ठी में कहा कि यौन दबाव और शोषणकारी व्यवहार को 'कॉमेडी' बताना महिलाओं के सम्मान के साथ जीने के मौलिक अधिकार का गंभीर उल्लंघन है। यह कृत्य गुरुग्राम जैसे अर्बन कॉर्पोरेट केंद्रों में कामकाजी और आम महिलाओं की सुरक्षा को सीधे खतरे में डालता है।
दोनों आरोपी अंडरग्राउंड, नौकरी भी गई
मामला तूल पकड़ते ही हिमांशु जांगड़ा को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी और उसकी कंपनी के मालिक ने उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया। हालांकि, विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने सोशल मीडिया पर माफीनामा भी जारी किया था, लेकिन कानूनी कार्रवाई से वे बच नहीं सके। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी अंडरग्राउंड हो गए हैं और पुलिस को कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। पुलिस ने दोनों को जांच में शामिल होने का नोटिस भेजा है और गैर-जमानती धाराएं होने के कारण उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।
क्लब के मैनेजर को हिरासत में लिया, सोशल मीडिया से हटेगा कंटेंट
गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 'द लाफ स्टोर' के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। महिला आयोग ने पुलिस से यह भी पूछा है कि ऐसे कमर्शियल मनोरंजन स्थलों की निगरानी के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि ये जगहें महिलाओं के खिलाफ अभद्रता और वस्तुकरण (ऑब्जेक्टिफिकेशन) का अड्डा न बनें। इसके साथ ही, पुलिस ने सभी डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को पत्र भेजकर इस विवादित शो से जुड़ा हुआ सारा कंटेंट तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं।