गुरुग्राम में बवाल: 48 घंटे से कटी थी बिजली, अडानी आंगन सोसाइटी के लोगों ने पटौदी रोड पर लगाया जाम
Apr 30, 2026 11:45 AM
गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम के आलीशान दावों के बीच बिजली संकट ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। सेक्टर-89ए स्थित अडानी आंगन अफोर्डेबल सोसाइटी में पिछले दो दिनों से बिजली न आने के कारण निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बुधवार देर रात सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सड़कों पर उतर आए और पटौदी रोड को पूरी तरह ठप कर दिया। निवासियों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद न तो बिजली निगम (DHBVN) सुनवाई कर रहा है और न ही बिल्डर प्रबंधन इस समस्या को लेकर गंभीर है।
अंधेरे के साथ गंदगी का दोहरा वार
जाम लगाकर नारेबाजी कर रहे लोगों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि 48 घंटे से बिजली गायब होने के कारण घरों में रखे इन्वर्टर भी जवाब दे गए हैं। सबसे बुरा हाल सोसाइटी के बुनियादी ढांचे का है। बिजली न होने से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) ठप पड़ा है, जिसके चलते बदबूदार पानी पूरी सोसाइटी के रास्तों पर जमा हो गया है। निवासियों का कहना है कि वे नरकीय स्थिति में रहने को मजबूर हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ने लगी है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
पुलिस और प्रशासन के फूले हाथ-पांव
जैसे ही पटौदी रोड पर जाम की खबर मिली, पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। आधी रात को सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग मौके पर ही बिजली बहाल करने की मांग पर अड़े रहे। दिलचस्प बात यह रही कि जो काम पिछले दो दिनों की शिकायतों से नहीं हुआ, वह 'जाम' लगने के चंद घंटों के भीतर हो गया। बिजली आते ही लोगों ने सड़क से हटने का फैसला लिया।
बिल्डर और डीटीपी के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी
सोसाइटी के लोगों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक चेतावनी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी केवल तभी जागते हैं जब आम जनता सड़क पर उतरती है। निवासियों ने अब इस मामले की शिकायत जिला नगर योजनाकार (DTP) कार्यालय में करने का निर्णय लिया है। लोगों का कहना है कि यदि बिल्डर ने बिजली और सीवरेज की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकाला, तो वे डीटीपी कार्यालय का घेराव करेंगे और फिर से मुख्य सड़कों को जाम करने से पीछे नहीं हटेंगे।