गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक पर लिफ्ट देकर लूटने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार
Apr 26, 2026 10:55 AM
गुरुग्राम। सोहना के निमोठ इलाके में लिफ्ट के नाम पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सोहना क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मदद मांगने वाले युवक को न केवल लूटा, बल्कि विरोध करने पर उसे चाकू मारकर लहूलुहान भी कर दिया था। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान अलीगढ़ निवासी बॉबी कुमार (28) के रूप में हुई है, जो फिलहाल गुरुग्राम के गांव बास में रह रहा था।
लिफ्ट बनी गले की फांस
यह पूरी घटना 5 अप्रैल की है, जब पीड़ित युवक जेदापुर के पास हरियाणा होटल के समीप घर जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी एक बाइक पर सवार दो युवक वहां रुके और उसे लिफ्ट देने की पेशकश की। अनजान युवक की मदद समझकर पीड़ित बाइक पर बैठ गया, लेकिन उसे भनक भी नहीं थी कि वह शिकार बनने जा रहा है। सिलानी नाका के पास पुलिस की मौजूदगी देख आरोपियों ने बाइक को किरणकी की तरफ मोड़ दिया।
सुनसान रास्ते पर खूनी खेल
बल्लभगढ़-फरीदाबाद रोड के सुनसान हिस्से पर पहुंचकर आरोपियों ने शौच के बहाने बाइक रोकी। जैसे ही पीड़ित नीचे उतरा, दोनों आरोपियों ने उसे घेर लिया और मोबाइल व नकदी छीनने लगे। जब पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया, तो आरोपियों ने बेरहमी से चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया और उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घायल को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से पुलिस को इस वारदात की सूचना मिली।
पुलिस की जाल में फंसा 'बॉबी'
सोहना सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया और आरोपी बॉबी को पलवल-सोहना रोड स्थित फरीदाबाद मोड़ से दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बॉबी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और गुरुग्राम में उस पर पहले भी चोरी के केस दर्ज हैं। पुलिस अब इसके दूसरे साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।