Search

गुड़गांव की सोसाइटी में बिजली का पूछा सवाल, तो बाउंसरों ने बाप-बेटे को पीटा

May 02, 2026 1:35 PM

गुरुग्राम। साइबर सिटी और इसके आसपास के इलाकों में बिल्डरों की 'गुंडागर्दी' और बाउंसरों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सोहना के सेक्टर-4 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल पार्क सोसाइटी से सामने आया है, जहां हक की आवाज उठाना एक परिवार को भारी पड़ गया। बिजली कटौती का कारण पूछने पहुंचे एक बुजुर्ग और उनके बेटे को मेंटेनेंस मैनेजर ने अपने बाउंसरों के साथ मिलकर लहूलुहान कर दिया।

बिजली काटी तो मैनेजर ने दिखाया 'पावर'

घटना 2 अप्रैल की सुबह की है। भीषण गर्मी के बीच सोसाइटी की मेंटेनेंस एजेंसी ने अशोक कुमार चौधरी के फ्लैट की बिजली काट दी। घर में अंधेरा और उमस बढ़ी तो अशोक कुमार शिकायत लेकर मेंटेनेंस ऑफिस पहुंचे। वहां मौजूद मैनेजर हेमंत गुप्ता से जब उन्होंने बिजली काटने की वजह पूछी, तो जवाब देने के बजाय मैनेजर बदसलूकी पर उतर आया। मैनेजर का तर्क था कि पिछला मेंटेनेंस बकाया है, इसलिए लाइन काटी गई है। अशोक कुमार ने गुहार लगाई कि "गर्मी बहुत है, पहले लाइन चालू कर दो, हिसाब बाद में बैठकर कर लेंगे," लेकिन मैनेजर को यह बात नागवार गुजरी।

बाउंसरों का तांडव और मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का दबाव

आरोप है कि बहस के दौरान आपा खोते हुए मैनेजर हेमंत गुप्ता ने बुजुर्ग अशोक कुमार का गला पकड़ लिया और उन पर हाथ उठा दिया। शोर सुनकर वहां तैनात बिल्डर के बाउंसर भी पहुंच गए। अशोक कुमार के बेटे ने जब अपने पिता को पिटते देखा, तो उसने बचाव की कोशिश की और सबूत के तौर पर अपने मोबाइल से इस पूरी करतूत का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

यह देख बाउंसर और भड़क गए। उन्होंने न केवल बाप-बेटे को बेरहमी से पीटा, बल्कि बेटे को बंधक बनाकर जबरन उसके मोबाइल से वीडियो भी डिलीट करवा दिया। सोसाइटी के बीचों-बीच हुई इस मारपीट से रेजिडेंट्स में हड़कंप मच गया।

पुलिसिया कार्रवाई: भोंडसी थाने में केस दर्ज

वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत भोंडसी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अशोक कुमार चौधरी की शिकायत पर मैनेजर हेमंत गुप्ता और अज्ञात बाउंसरों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

गुरुग्राम में यह पहली बार नहीं है जब मेंटेनेंस शुल्क के विवाद में बिल्डर ने बाउंसरों का सहारा लिया हो। सोसाइटी के अन्य निवासियों का कहना है कि वे लाखों-करोड़ों रुपये देकर फ्लैट खरीदते हैं, लेकिन बदले में उन्हें बिल्डर की मनमानी और सुरक्षा के नाम पर तैनात इन 'गुंडों' का डर झेलना पड़ता है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!