गुरुग्राम में रिजल्ट का खौफ: CBSE 10वीं के छात्र ने फंदा लगाकर दी जान, परिवार में कोहराम
Apr 16, 2026 12:19 PM
गुरुग्राम। बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जहां कई परिवारों के लिए खुशियां लेकर आते हैं, वहीं कभी-कभी ये गहरे जख्म भी दे जाते हैं। गुरुग्राम के पटौदी इलाके से एक ऐसी ही हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने परीक्षा के बढ़ते दबाव और छात्रों की मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट आने के बाद जाटोली मंडी स्थित बाबा हरदेवा कॉलोनी के एक छात्र ने कथित तौर पर परिणाम से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
पिता के पास था, फिर अचानक हुआ ओझल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एम.डी. स्कूल का छात्र कुणाल पुत्र जगनमोहन दोपहर तक अपने पिता के साथ ही घर पर मौजूद था। जैसे ही सोशल मीडिया और इंटरनेट पर 10वीं का रिजल्ट जारी होने की खबर फैली, कुणाल अचानक कहीं गायब हो गया। पिता को जब रिजल्ट की सूचना मिली, तो उन्होंने बेटे को ढूंढना शुरू किया, लेकिन वह घर के बाकी हिस्सों में कहीं नजर नहीं आया।
कमरा खोलते ही उड़े होश
काफी देर तक तलाश करने के बाद जब कुणाल का पता नहीं चला, तो परिजनों का ध्यान बंद कमरे की तरफ गया। अनहोनी की आशंका में जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का मंजर देख सबकी चीख निकल गई। कुणाल पंखे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। 10वीं की दहलीज पार कर भविष्य के सपने बुनने वाले इस छात्र ने नतीजे आने के चंद मिनटों के भीतर ही मौत को गले लगा लिया।
अपील: अंक नहीं, जीवन की कीमत पहचानें
स्थानीय पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि क्या कुणाल कम अंकों की वजह से तनाव में था या कोई और कारण रहा। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शिक्षाविदों और मनोवैज्ञानिकों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों पर अंकों का दबाव न बनाएं और उन्हें यह समझाएं कि कोई भी मार्कशीट जिंदगी से बड़ी नहीं होती। फिलहाल, कुणाल के घर में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।