Haryana News: गुरुग्राम में बैंक्वेट हाल में लगी भीषण आग, हॉल में रखे सिलेंडर में ब्लास्ट होने से तेज धमाका, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें मौके पर

Feb 13, 2026

गुरुग्राम: गुरुग्राम में शीतला माता रोड स्थित प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 3:15 बजे की बताई जा रही है। आग लगने के बाद हॉल में रखे सिलेंडर में ब्लास्ट होने से तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास का इलाका दहल उठा। आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। यह बैंक्वेट हॉल हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-5 के पास स्थित है। शादी के सीजन के चलते यहां टेंट, सजावट और लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सजावटी सामान और टेंट सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई।



शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। शादी के सीजन के चलते बैंक्वेट हॉल में टेंट, सजावट और लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की गई थी। ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही समय में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।



चार घंटे बाद पाया गया काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सिविल डिफेंस और रेस्क्यू टीमें भी तुरंत कार्रवाई में जुट गईं। दमकलकर्मियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 7 बजे आग पर काबू पाया।



आग के समय हॉल था खाली

सिविल डिफेंस के इंचार्ज मोहित शर्मा ने बताया कि सूचना करीब 3:30 बजे मिली थी। शादी समारोह रात में ही समाप्त हो चुका था, इसलिए आग लगने के समय हॉल खाली था। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर आग बुझने के बाद सघन सर्च अभियान चलाया गया, ताकि किसी के अंदर फंसे होने की आशंका न रहे।



धुएं से घिरा इलाका, लोग घरों से बाहर निकले

आग के कारण आसपास के क्षेत्र में घना धुआं फैल गया और लपटें दूर तक दिखाई दीं। धमाके और सायरन की आवाज सुनकर आसपास के घरों में रहने वाले लोग बाहर निकल आए। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!