हरियाणा में गेहूं की MSP बढ़कर 2,585 रुपये, 1 अप्रैल से 560 मंडियों में शुरू होगी सरकारी खरीद
Mar 11, 2026 11:33 AM
हरियाणा। हरियाणा में रबी सीजन की तैयारियों के बीच किसानों के लिए राहत भरी खबर आई है। राज्य में 1 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं की सरकारी खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। पिछले साल के मुकाबले इस बार 160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है, जिससे प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा फायदा मिलेगा।
सरकार ने रबी सीजन 2026 के लिए खरीद की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेशभर में 560 अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों पर गेहूं की सरकारी खरीद की व्यवस्था तय की गई है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो।
पिछले साल से 160 रुपये ज्यादा मिलेगा भाव
इस साल गेहूं की MSP बढ़ने से किसानों को बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है। पिछले साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया था।
अब 2026 रबी सीजन में यह बढ़कर 2,585 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। ऐसे में गेहूं उत्पादक किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।
गेटपास व्यवस्था में हो सकता है बदलाव
सरकारी खरीद को सुचारु बनाने के लिए गेटपास व्यवस्था में भी बदलाव की तैयारी की जा रही है। सरकार जियो-फेसिंग तकनीक के जरिए किसानों को गेटपास जारी करने की योजना पर काम कर रही है।
पिछले साल किसानों को घर बैठे गेटपास जारी करने की सुविधा दी गई थी, लेकिन इस बार व्यवस्था को और सख्त और व्यवस्थित बनाने की तैयारी है।
पारदर्शिता के लिए नई तकनीक लागू
सरकारी खरीद में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार कई तकनीकी कदम लागू किए जा रहे हैं। सरसों की सरकारी खरीद के लिए MSP पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को ही टोकन नंबर दिया जाएगा।
किसान के अंगूठे से बारकोड स्कैन होगा और मंडी के गेट पर ही QR कोड के जरिए गेटपास जनरेट किया जाएगा। किसान जिस वाहन में फसल लेकर आएगा, उसका नंबर दर्ज करना भी अनिवार्य होगा, तभी गेटपास जारी किया जाएगा।
किसानों को क्या होगा फायदा
नई व्यवस्था से मंडियों में फर्जी एंट्री और अव्यवस्था पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है। इससे वास्तविक किसानों को अपनी फसल बेचने में प्राथमिकता मिलने की उम्मीद है।
साथ ही MSP में बढ़ोतरी से गेहूं उत्पादक किसानों को बेहतर दाम मिलेंगे, जिससे रबी सीजन की फसल पर उनकी आय में भी बढ़ोतरी हो सकती है।