Hoshiarpur News: मुकेरियां में किराना शॉप में सिलेंडर फटने से आग, दुकानदार झुलसा, 16 लाख से अधिक का सामान जलकर राख
Jun 04, 2026 2:53 PM
होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर जिले के मुकेरियां क्षेत्र में आज यानी गुरुवार सुबह एक किराना दुकान में सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। गांव बेला सरियाना में स्थित दुकान में आग लगने के बाद अंदर रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे दुकान मालिक चनन सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। घायल दुकानदार को तुरंत हाजीपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सुबह 9 बजे के करीब हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हुई। उस समय दुकान में रोजमर्रा का कामकाज चल रहा था। अचानक दुकान के अंदर से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। परिजनों का कहना है कि आग लगने के पीछे बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट की आशंका है। देखते ही देखते आग ने पूरे दुकान परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने के बाद दुकान मालिक चनन सिंह ने खुद आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह आग की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिवार और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला और इलाज के लिए हाजीपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
लाखों रुपये का सामान हुआ राख
आग बढ़ने के साथ दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी गर्म हो गया। कुछ ही देर बाद सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाका इतना शक्तिशाली था कि दुकान के लेंटर में दरारें पड़ गईं। आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। परिवार के सदस्यों के अनुसार आग में दुकान का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। किराना सामग्री, फर्नीचर और अन्य जरूरी वस्तुएं आग की भेंट चढ़ गईं। परिजनों का दावा है कि करीब 16 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सामान और दुकान में रखी नकदी भी आग में जल गई। नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग को नियंत्रित नहीं किया जाता तो आसपास की इमारतों को भी बड़ा नुकसान पहुंच सकता था।
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।