होशियारपुर: होशियारपुर जिले के मेहनदवानी गुजरां गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 62 वर्षीय महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मृतका पंजाब पुलिस के एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की पत्नी थीं और वह भूरी वालें दी कुटिया नामक धार्मिक स्थल पर मत्था टेककर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार हमलावर ने उन्हें निशाना बनाया।



मोटरसाइकिल सवार ने कई गोलियां चलाईं

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के महिला पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।



अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



पूर्व पुलिसकर्मी की पत्नी थीं मृतका

पुलिस ने बताया कि मृत महिला के पति श्याम लाल पंजाब पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भी भय और आक्रोश देखा जा रहा है।



सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

होशियारपुर के पुलिस उपाधीक्षक दलजीत सिंह खाख ने बताया कि हमलावर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही, इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।



गैंगस्टर लिंक से इनकार, जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल इस हत्या का किसी गैंगस्टर गतिविधि से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। हत्या के पीछे के मकसद को लेकर जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!