Hoshiarpur News: होशियारपुर अस्पताल के बाहर कैदी की पुलिस मुठभेड़ में मौत, पुलिस हिरासत से भागने के दौरान पुलिस पर हमला किया
May 16, 2026 3:58 PMहोशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर में शनिवार को पुलिस हिरासत में लाए गए एक कैदी की मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी नसीब सिंह को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर लाया गया था। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब पुलिस टीम उसे वापस जेल ले जा रही थी, तभी उसने भागने की कोशिश की और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
सिविल अस्पताल के बाहर हुई हाथापाई
एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने बताया कि रोजाना की प्रक्रिया के तहत तीन विचाराधीन कैदियों को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल लाया गया था। इनकी सुरक्षा के लिए चार पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। जांच पूरी होने के बाद सीनियर कांस्टेबल जसदीप सिंह आरोपी नसीब सिंह को ई-रिक्शा के जरिए एम्बुलेंस की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक नसीब सिंह ने कांस्टेबल के चेहरे और हाथ पर चाकू से कई वार किए। हमले के दौरान पुलिसकर्मी को गंभीर चोटें आईं, लेकिन उसने आरोपी को पकड़ने की कोशिश जारी रखी। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में इस दौरान अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस का दावा, हथियार छीनने की कोशिश की
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लगातार भागने की कोशिश कर रहा था। कांस्टेबल जसदीप सिंह ने पहले आरोपी को चेतावनी दी और जमीन की तरफ फायर कर उसे रोकने की कोशिश की। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई और दोनों जमीन पर गिर पड़े। एसएसपी के अनुसार हाथापाई के दौरान आरोपी ने पुलिस का रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की। इसी दौरान जवाबी कार्रवाई में गोली चली, जिससे आरोपी घायल हो गया। घायल हालत में उसे तुरंत सिविल अस्पताल होशियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
नशा तस्करी के मामले में बंद था आरोपी
मृतक आरोपी की पहचान नसीब सिंह के रूप में हुई है, जो कोटला गौंसपुर का रहने वाला था। वह NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले में होशियारपुर जेल में बंद था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और ड्रग तस्करी समेत सात आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी का पिता शशि भी हत्या और NDPS मामलों में जेल में बंद है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास चाकू कैसे पहुंचा और उसे किसने उपलब्ध कराया।
घायल कांस्टेबल का इलाज जारी
घटना में घायल हुए सीनियर कांस्टेबल जसदीप सिंह का इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने उनकी बहादुरी की सराहना की है। होशियारपुर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और अस्पताल परिसर के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी परिस्थितियों की जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। घटना के बाद होशियारपुर सिविल अस्पताल और जेल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।