Punjab News: होशियारपुर में सड़क हादसा, खड़े टिप्पर से पिकअप के टकराने से युवक की मौत, 3 घायल
Mar 14, 2026 5:05 PM
होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर जिले में टांडा-होशियारपुर मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना मदान पेट्रोल पंप के पास उस समय हुई जब एक महिंद्रा पिकअप सड़क किनारे खड़े टिप्पर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब 7:45 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी 30 वर्षीय गोके सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
काम पर जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप में सवार सभी लोग मजदूरी के लिए काम पर जा रहे थे। वे होशियारपुर में गन्ने की खोरी निकालने का काम करने के लिए निकल रहे थे। बताया गया कि यह लोग बस्सी जलाल गांव से पिकअप वाहन में सवार होकर सुबह-सुबह होशियारपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी टांडा-होशियारपुर मार्ग पर मदान पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी अचानक हादसा हो गया।
मृतक और घायलों की पहचान
हादसे में लखीमपुर खीरी निवासी गोके सिंह पुत्र मूली राम की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में ज्योति पत्नी राजू, राम रानी पत्नी सग्राम और अमर चौधरी पुत्र ज्ञान सिंह शामिल हैं। ये सभी भी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले बताए जा रहे हैं और फिलहाल बस्सी जलाल गांव में रहकर मजदूरी कर रहे थे।
सड़क पर फैले धुएं के कारण नहीं दिखा वाहन
पिकअप में सवार राजू ने बताया कि जब उनकी गाड़ी मदान पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो सड़क किनारे काफी धुआं फैला हुआ था। धुएं के कारण सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा था। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, अचानक तेज धमाके के साथ पिकअप सड़क किनारे खड़े टिप्पर से जा टकराई। बाद में पता चला कि किसी ने सड़क किनारे कूड़े में आग लगा रखी थी, जिससे धुआं पूरी सड़क पर फैल गया था।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया और घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल टांडा पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद गोके सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे इलाज के लिए होशियारपुर के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सड़क किनारे आग किसने लगाई थी और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।