Search

फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमले के बाद पार्टी मुख्यालय से सुरक्षा हटा लेना आश्चर्यजनक: उमर

Mar 31, 2026 8:37 PM

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को श्रीनगर स्थित नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) मुख्यालय से सुरक्षा हटाए जाने पर आश्चर्य व्यक्त किया।

अब्दुल्ला ने कहा कि यह कदम पार्टी अध्यक्ष और उनके पिता फारूक अब्दुल्ला पर हुए जानलेवा हमले के कुछ ही सप्ताह बाद उठाया गया है। उमर ने कहा कि यह निर्णय समझ से परे है, खासकर तब जब पार्टी अध्यक्ष सप्ताह में दो से तीन बार कार्यालय आते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर 11 मार्च को जम्मू के पुरानी मंडी इलाके के निवासी 63 वर्षीय कमल सिंह ने ग्रेटर कैलाश इलाके में एक शादी समारोह से लौटते समय उन पर बेहद करीब से गोली चलाई थी। हमलावर को काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी रिवॉल्वर जब्त कर ली गई। इस हमले में फारूक अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए थे।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा के बाहर पत्रकारों से कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस मुख्यालय की सुरक्षा कम नहीं की गई बल्कि पूरी तरह से हटा ली गई है। यह अपने आप में आश्चर्यजनक है, क्योंकि फारूक अब्दुल्ला पर हमले को अभी कुछ ही वक्त बीता है। उस समय सभी ने कहा था कि ऐसा नहीं होना चाहिए था और यह चिंता का विषय है।

सदन में नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों द्वारा पार्टी मुख्यालय ‘नवाई सुबह’ परिसर से सुरक्षा हटाए जाने के मुद्दे पर आधे घंटे की चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने चिंता व्यक्त की और अधिकारियों से आग्रह किया कि वे या तो जम्मू-कश्मीर को ‘जोखिम-मुक्त’ घोषित करें या सभी के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसा कि मेरे एक सहयोगी ने सही कहा, फारूक साहब सप्ताह में दो से तीन बार उस कार्यालय में जाते हैं और आपने उस कार्यालय की सुरक्षा पूरी तरह से हटा दी है। इसकी क्या मजबूरी है? इसे हटाने का क्या कारण है? अगर हमें प्रशासन से पता चल जाए तो अच्छा होगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!