लूट कर भाग रहे 3 बदमाशों के पैर में लगी गोली, दो जगहों पर हुई मुठभेड़
Jun 13, 2026 10:45 AM
कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में शनिवार तड़के वारदातों को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों और खाकी के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। महज कुछ घंटों के भीतर दो बड़ी लूट की वारदातों को अंजाम देकर भाग रहे चार शातिर बदमाशों को पुलिस ने तड़के एनकाउंटर में ढे़र कर दिया। सीआईए कलायत और एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) कैथल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाशों को दो अलग-अलग जगहों पर घेरा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी क्राइम और डीएसपी हेडक्वार्टर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
होटल में विरोध के बाद स्कूटी सवार को बनाया निशाना
लूट के इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत देर रात कलायत के सहारण होटल से हुई। चारों बदमाश हथियारों से लैस होकर होटल में डकैती के इरादे से घुसे थे। लेकिन होटल के मालिक राम नरेश, उनके कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। खुद को घिरता देख बदमाश वहां से भाग खड़े हुए। इसके बाद सुबह करीब साढ़े चार बजे इन बदमाशों ने कैथल के बलरात नगर में त्रिमूर्ति कांटे के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के बाहर एक स्कूटी सवार को रोक लिया। बदमाशों ने बंदूक तानकर स्कूटी सवार के सिर पर लाठी से जोरदार हमला किया और वह लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसकी स्कूटी और डिग्गी में रखे ६० हजार रुपये लेकर रफूचक्कर हो गए।
शुगर मिल और ग्योंग के खेतों में हुई मुठभेड़
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम एक्टिव हुआ और सीआईए कलायत व एवीटी कैथल की टीमों ने वायरलेस पर मिले इनपुट के आधार पर लुटेरों का पीछा करना शुरू किया। पुलिस ने बदमाशों को सरगर्मी से ढूंढ निकाला, जिसके बाद दो अलग-अलग जगहों पर एनकाउंटर हुआ। पहली मुठभेड़ सुबह करीब सवा छह बजे कैथल शुगर मिल के पास हुई, जहां पुलिस की आत्मरक्षार्थ गोलीबारी में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। इसके ठीक एक घंटे बाद, सुबह करीब सवा सात बजे पुलिस ने तीसरे बदमाश को ग्योंग गांव के खेतों में घेर लिया, जहां हुई फायरिंग में उसे भी पैर में गोली लगी।
जींद के रहने वाले हैं बदमाश, एक की तलाश जारी
मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान जींद जिले के खांडा गांव निवासी अंकित, गोलू और निरंजन के रूप में हुई है। हालांकि, इनका चौथा साथी धुंध और खेतों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों को सफलतापूर्वक दबोच लिया है और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। फरार चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही वह भी सलाखों के पीछे होगा। पुलिस अब पकड़े गए अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता का रिकॉर्ड खंगाल रही है।