Search

कैथल में खूनी खेल: 3 हजार रुपये के विवाद में साथी मजदूर के सिर में हथौड़ा मारकर हत्या

Jun 01, 2026 11:16 AM

कैथल। हरियाणा के कैथल जिले के भाना गांव में रविवार की रात चंद रुपयों की रंजिश में एक मजदूर को मौत के घाट उतार दिया गया। गन्ने की बिजाई करने आए बिहार के एक युवक की उसके ही साथी ने सिर में हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। वारदात उस वक्त हुई जब दिनभर की मजदूरी के बाद दोनों बैठकर शराब पी रहे थे। हत्या की इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

शराब की महफिल में शुरू हुआ रुपयों का विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के शिवहर जिले के करियानी छापरा गांव का रहने वाला 36 वर्षीय कामेश्वर दास अपने साथियों के साथ भाना गांव में किसान कृष्ण के खेतों पर काम करने आया था। ये लोग खेत पर बने ट्यूबवेल के कमरे में ही रुकते थे। रविवार रात को काम खत्म करने के बाद तीन मजदूर शराब पीने बैठे। इनमें से एक साथी जब खाना बनाने चला गया, तब कमरे में कामेश्वर दास और उमेश दास अकेले रह गए। इसी बीच उमेश ने कामेश्वर पर उसके 3 हजार रुपये निकालने का आरोप मढ़ दिया, जिसे लेकर दोनों के बीच बहस बढ़ गई।

सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

कहासुनी इतनी बढ़ी कि तैश में आकर उमेश दास ने पास ही पड़ा भारी-भरकम हथौड़ा उठाया और कामेश्वर के सिर पर दे मारा। हथौड़े का वार इतना जोरदार था कि कामेश्वर लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग और अन्य साथी मौके पर जुटते, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। ग्रामीणों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल कामेश्वर को पूंडरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पूंडरी थाना प्रभारी (SHO) शिव कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। एसएचओ शिव कुमार ने बताया कि मृतक के साथियों के बयान के आधार पर आरोपी उमेश दास के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!