नीट घोटाले पर करनाल कांग्रेस का हल्लाबोल, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठी मांग
Jun 20, 2026 2:32 PM
नीलोखेड़ी (महाबीर मैहला)। मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट' (NEET) को लेकर उपजा विवाद अब पूरी तरह से राजनीतिक और सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है। जिला करनाल कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष डॉ. राजेश वैद वाल्मीकि ने यहाँ बुलाई गई एक प्रेस वार्ता में केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि देश के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के होनहार युवाओं के भविष्य के साथ जो भद्दा मजाक किया गया है, कांग्रेस पार्टी उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
18 घंटे पढ़ने वाले छात्र की मेहनत का सौदा मंजूर नहीं
डॉ. राजेश वैद ने शिक्षा व्यवस्था में पनप रहे भ्रष्टाचार पर गहरी चिंता जताते हुए कहा, "जिस घर का बच्चा दिन-रात एक करके, 18-18 घंटे पढ़ाई कर डॉक्टर बनने का ख्वाब संजोता है, उस घर के सपनों को कोई रसूखदार चंद रुपयों की खनक पर कैसे खरीद सकता है?" उन्होंने इसे देश के लाखों विद्यार्थियों की तपस्या और उनके माता-पिता की खून-पसीने की गाढ़ी कमाई के साथ किया गया सबसे बड़ा विश्वासघात करार दिया।
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच और विश्वसनीय विकल्प की जरूरत
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ने केंद्र सरकार के सामने अपनी प्रमुख मांगें दोहराईं। डॉ. वाल्मीकि ने कहा कि युवाओं के मन में भरोसा बहाल करने के लिए जरूरी है कि इस दागी परीक्षा को तुरंत पूरी तरह रद्द किया जाए और नए सिरे से, पूरी पारदर्शिता के साथ दोबारा एग्जाम कराया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के ढांचे पर प्रहार करते हुए कहा कि इस संस्था ने अपनी विश्वसनीयता पूरी तरह खो दी है, इसलिए इसे तुरंत भंग कर एक नया पारदर्शी सिस्टम तैयार होना चाहिए। साथ ही, पूरे घोटाले की जांच सुप्रीम कोर्ट की सीधी निगरानी में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) से कराने की मांग की गई।
राहुल गांधी संसद से सड़क तक लड़ रहे हैं युवाओं की लड़ाई
कांग्रेस नेता ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जब 24 लाख छात्रों का भविष्य अधर में लटका, तो राहुल गांधी ने सबसे पहले उनके हक में आवाज उठाई। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी संसद के भीतर से लेकर देश की सड़कों तक लगातार यह बुनियादी सवाल पूछ रहे हैं कि पैसे के बल पर योग्य छात्रों का अधिकार छीनने वाले लोग बाहर क्यों घूम रहे हैं?" उन्होंने छात्रों से न डरने की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक परीक्षा की नहीं, बल्कि देश की आने वाली नस्लों को बचाने की है।
स्थानीय कद्दावर नेताओं की रही मौजूदगी
इस प्रेस वार्ता में जिला करनाल कांग्रेस की पूरी लीडरशिप एकजुट नजर आई। डॉ. वैद के साथ जिला उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा बसताड़ा, घरौंडा शहरी ब्लॉक अध्यक्ष रॉबिन माइकल, इंद्री ब्लॉक अध्यक्ष सचिन बुढ़नपुर, असंध ब्लॉक अध्यक्ष विनोद वाल्मीकि और निसिंग ब्लॉक अध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा नगर पार्षद अमन जोशी, पूर्व प्रदेश महासचिव चेतराम सांवरा, अंकित चौहान, हरपाल संधू, सत्यवान और सोनू कश्यप सहित दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा कि जब तक दोषियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता और छात्रों को इंसाफ नहीं मिलता, कांग्रेस का हर कार्यकर्ता सड़क पर संघर्ष जारी रखेगा।