Search

करनाल में कांग्रेस ने घोषित किए 10 ब्लॉक अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता संजय मैहला ने दी बधाई

Jun 17, 2026 5:11 PM

नीलोखेड़ी (महाबीर मैहला)। लंबे इंतजार और गहन सांगठनिक मंथन के बाद आखिरकार करनाल जिले में कांग्रेस पार्टी ने अपने ग्रामीण और शहरी ब्लॉक स्तर के सांगठनिक ढांचे को नया आकार दे दिया है। कुरुक्षेत्र और करनाल संभाग की राजनीति में इस सांगठनिक विस्तार को बेहद अहम माना जा रहा है। नए ब्लॉक प्रधानों के नामों का ऐलान होते ही समूचे जिले के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में उत्साह की एक नई लहर दौड़ गई है। इस नई सांगठिक टीम के गठन पर कांग्रेस पार्टी ग्रामीण के जिला उपप्रधान और वरिष्ठ नेता संजय मैहला ने मुखर होकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सभी नवनियुक्त ब्लॉक प्रधानों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि यह नई टीम जिले में कांग्रेस की जड़ों को और गहरा करेगी।

अपने एक विशेष बधाई संदेश में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय मैहला ने शीर्ष नेतृत्व के इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान ने बहुत सोच-समझकर और जमीनी हकीकत को भांपते हुए योग्य, वफादार और कर्मठ कार्यकर्ताओं के कंधों पर यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा, "ब्लॉक स्तर के ये पदाधिकारी केवल नाम के प्रधान नहीं हैं, बल्कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी की नीतियों और लोक-कल्याणकारी विचारधारा को हर घर तक पहुंचाने वाले सबसे मजबूत सिपाही हैं। ये सभी नवनियुक्त प्रधान आम जनता की समस्याओं और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच एक मजबूत और जीवंत सेतु का काम करेंगे।"

नीलोखेड़ी से अमित बराना तो निसिंग से गुरविंदर संभालेंगे कमान; देखिए पूरी सूची

करनाल जिले के जिन प्रमुख चेहरों को इस बार ब्लॉक की कमान सौंपी गई है, उनमें लगभग हर वर्ग और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को साधने की कोशिश की गई है। जारी की गई सूची के अनुसार:

नीलोखेड़ी: अमित बराना

निसिंग: गुरविंदर सिंह

इंद्री: शिव राम कम्बोज

कुंजपुरा: रामबीर कम्बोज

करनाल एम.सी.-I: परमजीत पप्पू लाठर

करनाल एम.सी.-II: धर्मपाल कौशिक

घरौंडा शहरी: रॉबिन मिचेल

घरौंडा ग्रामीण: बलराम रावल

असंध: जितेंद्र चोपड़ा

मूनक: विनोद वाल्मीकि

बूथ स्तर' को अभेद्य किला बनाने की तैयारी

संजय मैहला ने सांगठनिक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा से आमजन, किसानों और मजदूरों की आवाज को बुलंद करने का रहा है। किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसका कैडर और संगठन होता है। उन्होंने नवनियुक्त प्रधानों से अपेक्षा की है कि वे बिना वक्त गंवाए अपने-अपने ब्लॉकों में सक्रिय हों, रूठे हुए कार्यकर्ताओं को मनाएं और गांव-गांव व वार्ड-वार्ड में जाकर चौपालें सजाएं।

उन्होंने साफ किया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी और अधिक आक्रामकता और मजबूती के साथ जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरेगी। पार्टी का मुख्य लक्ष्य आगामी चुनावों से पहले हर एक बूथ को एक अभेद्य किले के रूप में तब्दील करना है। मैहला ने एक बार फिर सभी 10 नवनियुक्त ब्लॉक प्रधानों को उनके सफल, उज्ज्वल और जनसेवा से परिपूर्ण कार्यकाल की दिल से कामना की।

You may also like:

Please Login to comment in the post!