Search

Gharaunda EV Fire: करनाल में आधी रात को इलेक्ट्रिक स्कूटी में हुआ बैटरी ब्लास्ट, स्पोर्ट्स बाइक भी जलकर खाक

Jun 10, 2026 1:21 PM

करनाल। करनाल के घरौंडा थाना क्षेत्र के तहत आने वाली कोटिया कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक भयानक हादसा होते-होते टला। कॉलोनी के रहने वाले शिव कुमार पंडित के घर के ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप अख्तियार कर लिया कि पूरा मकान काले धुएं के गुबार से भर गया। उस वक्त परिवार के सभी लोग ऊपर के कमरों में गहरी नींद में सो रहे थे।

सांस लेने में हुई दिक्कत तो खुली आंख

मकान मालिक शिव कुमार पंडित ने बताया कि उन्होंने रात को स्कूटी चार्जिंग पर लगाई थी और फुल चार्ज होने के बाद चार्जर का प्लग भी निकाल दिया था। आधी रात को अचानक जब पूरे घर में धुआं फैल गया और सांस लेने में तकलीफ होने लगी, तब उनकी आंख खुली। वह आनन-फानन में नीचे उतरे तो देखा कि स्कूटी से लपटें उठ रही थीं। शिव कुमार ने जैसे ही आग बुझाने के लिए कदम आगे बढ़ाया, वैसे ही स्कूटी की लिथियम बैटरी में एक तेज धमाका हुआ। इस ब्लास्ट की वजह से स्कूटी धू-धू कर जलने लगी और आग बुझाने की कोशिश में शिव कुमार का हाथ भी झुलस गया।

दादी का घुटने लगा दम, किरायेदारों की बची जान

खतरे को भांपते हुए शिव कुमार तुरंत ऊपर भागे और सो रहे परिवार के सभी 7 सदस्यों को जगाकर फौरन घर से बाहर निकाला। उनकी बुजुर्ग दादी दर्शन देवी नीचे के कमरे में सो रही थीं, जो धुएं के कारण बेहोशी की हालत में पहुंच चुकी थीं। उन्हें किसी तरह खींचकर खुली हवा में लाया गया, जिससे उनकी जान बची। शिव कुमार ने बताया कि गनीमत यह भी रही कि नीचे के हिस्से में रहने वाले किरायेदार उस वक्त घर पर मौजूद नहीं थे, वरना एक बड़ा साया पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लेता।

स्पोर्ट्स बाइक खाक, मकान के लेंटर में आई दरारें

घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। दमकल विभाग की गाड़ी जब तक मौके पर पहुंचती और आग पर काबू पाती, तब तक स्कूटी पूरी तरह कंकाल बन चुकी थी। यही नहीं, आग ने बराबर में खड़ी करीब सवा लाख रुपये की स्पोर्ट्स बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया और वह भी जलकर राख हो गई। इस भीषण आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि घर के मुख्य दरवाजे जल गए और मकान के पक्के लेंटर में भी गहरी दरारें आ गईं।

22 हजार की नई बैटरी डलवाने के बाद भी थी दिक्कत

पीड़ित शिव कुमार ने स्कूटी बेचने वाली स्थानीय एजेंसी पर गंभीर लापरवाही और बदतमीजी करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि यह इलेक्ट्रिक स्कूटी उन्होंने वर्ष 2023-24 में घरौंडा की सर्विस रोड स्थित एक नामी एजेंसी से 60 हजार रुपये में खरीदी थी। साल 2025 में इसकी बैटरी खराब होने पर उन्होंने 22 हजार रुपये खर्च करके नई बैटरी भी डलवाई। इसके बावजूद स्कूटी की वायरिंग और हीटिंग में लगातार दिक्कत बनी हुई थी।

चार-पांच दिन पहले ही एजेंसी के मैकेनिक ने इसकी जांच की थी और इसे रोजाना चार्ज करने की सलाह दी थी। शिव कुमार का आरोप है कि मैकेनिक और एजेंसी की तकनीकी लापरवाही के कारण उनका लाखों का नुकसान हुआ है और परिवार की जान दांव पर लग गई। पीड़ित परिवार अब इस पूरे मामले को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!