Kurukshetra Accident: NH-44 पर काल बनकर दौड़ा पंजाब नंबर का ट्रक, रतनगढ़ पुल पर बाइक को मारी टक्कर; दो की मौत
Jun 07, 2026 6:34 PM
कुरुक्षेत्र। रिश्तों की डोर कितनी नाजुक और वक्त कितना बेरहम होता है, इसका एक दर्दनाक उदाहरण कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में देखने को मिला। चंडीगढ़ के पलसोरा (सेक्टर-56) का रहने वाला नीरज और सेक्टर-52 का विशाल आपस में गहरे दोस्त थे। दोनों चंडीगढ़ नगर निगम में एक आउटसोर्सिंग कंपनी के जरिए बतौर स्वीपर काम करते थे। रविवार को दोनों दोस्त तरावड़ी (करनाल) में रहने वाली विशाल की बहन से मिलने के लिए बाइक पर सवार होकर निकले थे। दोनों के जेहन में कुरुक्षेत्र पार करते ही बहन के घर पहुंचने की खुशी थी, मगर नियति को कुछ और ही मंजूर था।
रतनगढ़ पुल पर ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
हुड्डा शाहाबाद पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त शाहाबाद कस्बा पार कर करनाल की तरफ बढ़ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जीटी रोड पर स्थित रतनगढ़ पुल के ऊपर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक पंजाब नंबर के तेज रफ्तार ट्रक (PB-02-EV-8249) के चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान ट्रक के कंडक्टर साइड का हिस्सा विशाल की बाइक से बेहद जोर से टकराया। संतुलन बिगड़ते ही दोनों दोस्त हाईवे की कंक्रीट सड़क पर दूर जा गिरे।
एक की मौके पर गई जान, दूसरे ने अस्पताल के रास्ते में तोड़ा दम
चश्मदीदों के मुताबिक, दुर्घटना इतनी वीभत्स थी कि नीरज के सिर पर गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने मौके पर ही तड़पते हुए दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस व एम्बुलेंस को दी। पुलिस ने घायल विशाल को लहूलुहान हालत में शाहाबाद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी धड़कनें शांत हो चुकी थीं।
परिवारों में पसरा मातम, पुलिसिया तफ्तीश शुरू
इस हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिवारों में पहुंची, खुशियों वाले घर में चीख-पुकार मच गई। नीरज शादीशुदा था और अपने पीछे परिवार को रोता-बिलखता छोड़ गया है, वहीं विशाल अभी कुंवारा था। पुलिस ने तरावड़ी में रहने वाले विशाल के जीजा रोहित के बयानों के आधार पर संबंधित ट्रक नंबर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शाहाबाद पुलिस का कहना है कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर तलाश तेज कर दी गई है।