Search

नूंह में साइबर ठगों का इंटरस्टेट नेटवर्क ध्वस्त; रैपिडो और यात्री ऐप के जरिए ऐसे लगाते थे चूना

Apr 25, 2026 11:53 AM

मेवात। साइबर ठगी के गढ़ के रूप में बदनाम हो रहे नूंह (मेवात) में पुलिस ने डिजिटल लुटेरों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के दो विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर मुरसलीम और राशिद नाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी तकनीकी का सहारा लेकर देश के विभिन्न राज्यों में बैठे मासूम लोगों की जेब पर डाका डाल रहे थे। पुलिस को इनके पास से ऐसे पुख्ता सबूत मिले हैं जो इनके अंतरराज्यीय कनेक्शन की ओर इशारा कर रहे हैं।

फर्जी व्हाट्सएप और बारकोड का खेल

पुनहाना पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम को सुनहरा-नहेड़ा रोड से मुरसलीम को उस वक्त दबोचा जब वह किसी नए शिकार को जाल में फंसाने की फिराक में था। जांच के दौरान मुरसलीम के फोन से कई फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट और संदिग्ध ग्रुप्स का खुलासा हुआ है। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी के फोन में कई फर्जी बारकोड भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल वह ठगी के पैसों को इधर-उधर करने के लिए करता था। जांच में पता चला कि उसके पास से मिले सिम कार्ड के जरिए पहले ही 1.39 लाख रुपये की दो बड़ी धोखाधड़ी की जा चुकी है।

रैपिडो और यात्री ऐप के जरिए कर्नाटक तक पहुंच

वहीं, नूंह-अलवर रोड से पकड़ा गया नया गांव निवासी राशिद ठगी के लिए बिल्कुल अलग रास्ता अपना रहा था। राशिद 'रैपिडो' और 'यात्री' जैसे बुकिंग ऐप्स पर फर्जी अकाउंट बनाकर वाहन बुक करता था और फिर चालकों या ग्राहकों को अपने झांसे में लेकर उनके खाते साफ कर देता था। शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि राशिद के इस फर्जीवाड़े का जाल कर्नाटक समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस को संदेह है कि इस गिरोह के तार कुछ अन्य बड़े साइबर अपराधियों से भी जुड़े हो सकते हैं।

रिमांड पर आरोपी, बड़े खुलासे की उम्मीद

नूंह पुलिस अब इन दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने अब तक कुल कितने लोगों को चूना लगाया है और इनके गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं। बरामद किए गए मोबाइल फोन्स को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है ताकि इनके द्वारा डिलीट किए गए डेटा और चैट्स को रिकवर किया जा सके। नूंह पुलिस ने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान ऐप या अनजान लिंक पर क्लिक न करें।

You may also like:

Please Login to comment in the post!