Search

Nuh News: नूंह में गैंगरेप के बाद ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवती ने किया सुसाइड, अश्लील वीडियो बनाकर दे रहे थे धमकी

May 20, 2026 2:01 PM

नूंह। मेवात के नूंह जिले के बिछौर थाना इलाके से रूह कंपा देने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां एक 20 साल की युवती को अपनी अस्मत गंवाने के बाद लोकलाज और ब्लैकमेलिंग के चलते अपनी जान गंवानी पड़ी। गांव के ही कुछ रसूखदार युवकों ने न केवल पीड़िता को हवस का शिकार बनाया, बल्कि उसके आत्मसम्मान को मोबाइल के कैमरों में कैद कर उसे तिल-तिल मरने पर मजबूर कर दिया। अंततः आरोपियों के जुल्म और सामाजिक बदनामी के डर से हारकर युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

आधी रात को घर में घुसे भेड़िए, मुंह में कपड़ा ठूंसकर की दरिंदगी

बिछौर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में मृतका के बेबस पिता ने उस काली रात की पूरी दास्तान बयां की है। पिता के मुताबिक, बीती 18 मई 2026 की रात वह किसी निजी काम से सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी 20 वर्षीय बेटी अकेली थी। रात के करीब एक बजे गांव के ही तीन-चार युवक दीवार फांदकर घर के भीतर दाखिल हो गए। आरोपियों ने कमरे में सो रही बेटी को दबोच लिया और उसका मुंह कपड़े से बंद कर दिया ताकि उसकी चीखें बाहर न जा सकें। इसके बाद सभी ने उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया।

मोबाइल में कैद की बेबसी, फिर शुरू हुआ धमकी और ब्लैकमेलिंग का दौर

हैवानियत की हदें यहीं पार नहीं हुईं; आरोपियों ने अपनी इस घिनौनी करतूत और पीड़िता की लाचारी का मोबाइल फोन से अश्लील वीडियो और फोटो भी रिकॉर्ड कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद जाते-जाते उन्होंने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने मुंह खोला या पुलिस को बताया, तो ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी जाएंगी और उसके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इस घटना के बाद से ही सहमी हुई युवती गहरे डिप्रेशन और मानसिक तनाव में जीने लगी थी।

टूट गया सब्र का बांध, अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

कई दिनों तक इस खौफनाक राज को सीने में दबाए रखने के बाद जब प्रताड़ना असहनीय हो गई, तो पीड़िता ने रोते हुए अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। समाज में होने वाली बदनामी और लोकलाज के डर से वह इस कदर टूट चुकी थी कि मंगलवार शाम को उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में बड़े अस्पताल (हायर सेंटर) के लिए रेफर कर दिया।

रास्ते में तोड़ा दम: इसी बीच मामले की भनक लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता के दम तोड़ने से पहले उसके प्रारंभिक बयान दर्ज किए। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था, दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया। वर्तमान में मृतका के शव को मांडी खेड़ा के अल आफिया अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।

मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमॉर्टम, आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश

इस बेहद संवेदनशील मामले को लेकर बिछौर थाना प्रभारी राजबीर ने बताया कि पुलिस मामले की हर कोण से बारीकी से तफ्तीश कर रही है। निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टरों के एक विशेष मेडिकल बोर्ड से मृतका का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पिता की शिकायत में दो स्थानीय युवकों के नामजद आरोप हैं, जबकि दो से तीन अन्य अज्ञातों की संलिप्तता की बात कही गई है। पुलिस ने बयानों और साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!