Breaking: मोहाली में धमकी भरे ई-मेल से मचा हड़कंप, स्कूल-कॉलेज को भेजे गए बम ब्लास्ट के मैसेज, लिखा- दोपहर एक बजे होगा ब्लास्ट
Feb 11, 2026 5:23 AM
मोहाली: मोहाली के कई नामी स्कूलों और कॉलेजों को बुधवार सुबह एक धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसमें शहर के शैक्षणिक संस्थानों में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई। ई-मेल में दोपहर 1:11 बजे मोहाली में ब्लास्ट करने की बात लिखी गई थी। इसके साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को “ह्यूमन बम” के जरिए उड़ाने और 13 फरवरी को दिल्ली स्थित संसद भवन में विस्फोट करने की भी धमकी दी गई। धमकी भरे संदेश की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
तुरंत स्कूल बंद, बच्चों को लौटाया गया
एहतियात के तौर पर जिन स्कूलों को ई-मेल प्राप्त हुआ, उन्हें तत्काल बंद कर दिया गया। अभिभावकों को मैसेज भेजकर स्थिति की जानकारी दी गई और बच्चों को घर वापस ले जाने के लिए कहा गया। जो छात्र सुबह स्कूल पहुंच चुके थे, उन्हें गेट से ही वापस भेज दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) गिन्नी दुग्गल ने बताया कि कम से कम 10 स्कूलों को यह धमकी मिली है, जिनमें पैरागॉन, लर्निंग पाथ, माइंड ट्री, जीडी गोयनका, विवेक स्कूल और इंडस जैसे प्रमुख संस्थान शामिल हैं। अन्य सरकारी स्कूलों को भी अपनी आधिकारिक ई-मेल जांचने और सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। विभिन्न स्कूल परिसरों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। डीएसपी सिटी हरसिमरन बल लर्निंग पाथ स्कूल पहुंचे, जबकि डीएसपी सिटी वन पृथ्वी चहल ने पैरागॉन स्कूल में मोर्चा संभाला। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से स्कूलों की गहन तलाशी ली जा रही है। किसी भी व्यक्ति को स्कूल गेट से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई है।
ई-मेल में क्या लिखा गया
धमकी भरे ई-मेल में “पंजाब हुल खालिस्तान” का उल्लेख करते हुए मोहाली के स्कूलों और कॉलेजों में बम विस्फोट की चेतावनी दी गई। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को मानव बम से निशाना बनाने और 13 फरवरी को दोपहर 2:11 बजे संसद भवन में विस्फोट करने की बात लिखी गई है। संदेश के अंत में “खालिस्तान नेशनल आर्मी” और कुछ व्यक्तियों के नाम का उल्लेख किया गया है। ई-मेल की भाषा भड़काऊ और आपत्तिजनक बताई जा रही है।
साइबर जांच शुरू
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को जांच में शामिल किया है। ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और सर्वर की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल किसी भी स्कूल परिसर से संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।
प्रशासन ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जांच पूरी होने तक स्कूल बंद रहेंगे और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।