Search

चंडीगढ़ न्यूज़: सड़क मुद्दे पर आप का हल्ला बोल, नगर निगम पहुंचने से पहले रोके गए कार्यकर्ता

Apr 08, 2026 10:54 AM

चंडीगढ़: रामदरबार की सड़कों के निर्माण को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए रामदरबार से नगर निगम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। हालांकि, इंडस्ट्रियल एरिया के रास्ते में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के दौरान आप नेता ललित मोहन ने कहा कि अक्टूबर 2025 में ठेकेदार को टेंडर आवंटित होने के बावजूद अब तक सड़कों का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में मेयर, प्रशासक और केंद्र—तीनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद रामदरबार के साथ भेदभाव किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा, “महंगी बिजली और पानी के बिल हम भरें, बिना मालिकाना हक के मकानों का टैक्स भी हम दें, लेकिन टूटी सड़कों के लिए हमें ही संघर्ष करना पड़े—यह कहां का न्याय है?”इस मौके पर आप नेता विजय कुमार ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की कि रामदरबार की सड़कों का निर्माण कार्य तुरंत शुरू किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक काम शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई गई।

गिरफ्तारी के बाद आप नेताओं को पुलिस सुरक्षा में नगर निगम के अधिकारियों—सहायक आयुक्त, चीफ इंजीनियर और अन्य अधिकारियों—से मुलाकात करवाई गई। अधिकारियों ने बताया कि बिटुमिन की कमी के कारण सड़कों का कार्य धीमा है, लेकिन जल्द काम शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के आश्वासन के बाद आप नेताओं ने धरना समाप्त कर दिया, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण शुरू होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और पार्टी पदाधिकारी शामिल रहे, जिनमें प्रदेश उपाध्यक्ष जसबीर सिंह लाडी, एसी विंग अध्यक्ष देशराज सनावर, रोशन रावत, डिंपल जरवाल, आशा, लक्की, राधे, ममता, जगमोहन, सन्नी ठाकुर, अविनाश, सन्नी ढिंगरा, राजिंदर और हरिराम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!