Search

आईपीएल 2026: PBKS vs GT मैच आज मुल्लांपुर में, 3:30 बजे खुलेंगे स्टेडियम के गेट, ट्रैफिक को लेकर एडवाइजरी जारी

Mar 31, 2026 12:26 PM

मोहाली: न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे इंडियन प्रीमियर लीग के तहत पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों का यह सीजन का पहला मैच है और इसे लेकर फैंस में खासा उत्साह है। 30 मार्च को दोनों टीमों ने शाम 6 बजे से 9 बजे तक अभ्यास सत्र भी किया था, जिससे खिलाड़ियों ने पिच और परिस्थितियों का अंदाजा लगाया।

मैच से पहले तैयारियां पूरी

स्टेडियम प्रशासन ने दर्शकों की सुविधा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दर्शकों की एंट्री के लिए कुल 10 गेट बनाए गए हैं, जिनमें गेट नंबर 1 को दिव्यांग दर्शकों के लिए आरक्षित किया गया है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

3:30 बजे खुलेंगे स्टेडियम के गेट

मैच शुरू होने से चार घंटे पहले यानी दोपहर 3:30 बजे स्टेडियम के गेट खोल दिए जाएंगे। इससे दर्शकों को समय रहते अपनी सीटों तक पहुंचने में आसानी होगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समय से पहले पहुंचे और सुरक्षा जांच में सहयोग करें ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु बनी रहे।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड बराबरी पर

पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच पिछले मुकाबलों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है। पिछले 6 मैचों में दोनों ने 3-3 जीत दर्ज की है। आईपीएल में गुजरात का सर्वोच्च स्कोर 232 रन रहा है, जबकि पंजाब ने 243 रन तक का स्कोर बनाया है, जो उसकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है।

मुल्लांपुर में पिछला मुकाबला

इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच पहले भी एक मुकाबला हो चुका है। उस मैच में गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराया था। इस बार पंजाब अपनी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर जीत दर्ज करना चाहेगी और पिछले परिणाम का हिसाब बराबर करने की कोशिश करेगी।

ट्रैफिक एडवाइजरी लागू

मुल्लांपुर और न्यू चंडीगढ़ में ट्रैफिक दबाव को देखते हुए प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। मुल्लांपुर-चंडीगढ़ बैरियर से स्टेडियम रोड तक ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दक्षिण मार्ग से आने वाले वाहनों को बद्दी-कुराली रोड होते हुए PR-7 और PR-6 के जरिए स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है।

अलग-अलग रूट से पहुंचे दर्शक

एयरपोर्ट रोड और कुराली की ओर से आने वाले दर्शकों को PR-7 रोड से स्टेडियम रोड की तरफ मुड़ने का निर्देश दिया गया है। वहीं PGI और मध्य मार्ग से आने वालों के लिए भी दो वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है ताकि मैच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

You may also like:

Please Login to comment in the post!