Mohali Court Bomb Threat: कोर्ट खाली, 3 बजे तक एंट्री बंद, कॉम्प्लेक्स में सर्च ऑपरेशन जारी
Apr 06, 2026 1:43 PM
Mohali Court Bomb Threat: पंजाब के मोहाली, चंडीगढ़ और जालंधर में आज (सोमवार, 6 अप्रैल) को बम से उड़ाने की धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई हैं। ईमेल के जरिए मिली इन धमकियों में जालंधर के स्कूलों, चंडीगढ़ की सरकारी इमारतों और मोहाली कोर्ट को निशाना बनाया गया। मोहाली कोर्ट कॉम्प्लेक्स को तुरंत खाली करवा दिया गया और एहतियातन दोपहर 3 बजे तक एंट्री बंद कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन ने सभी संवेदनशील स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, जबकि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात की गई हैं।
मोहाली कोर्ट में बढ़ाई गई सुरक्षा
मोहाली कोर्ट को मिली धमकी के बाद पूरे कॉम्प्लेक्स को खाली करवा दिया गया। पुलिस ने इलाके को घेर लिया और आम लोगों की एंट्री रोक दी गई। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर हर कोने की जांच की जा रही है।
जालंधर स्कूलों और सरकारी इमारतों पर खतरा
जालंधर के डीपीएस स्कूल और मेयर वर्ल्ड स्कूल समेत कई संस्थानों को ईमेल के जरिए धमकी दी गई। इसके साथ ही चंडीगढ़ में मेयर ऑफिस, सेक्रेटेरिएट और अन्य सरकारी इमारतों को भी निशाना बनाने की बात कही गई। हालांकि एहतियात के बावजूद जालंधर के स्कूलों में छुट्टी नहीं की गई और छात्र-स्टाफ वहीं मौजूद रहे।
बड़े नेताओं को भी धमकी
ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, डीजीपी गौरव यादव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा अमृतसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाने की बात कही गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं।
ईमेल में लिखे गए खतरनाक संदेश
धमकी भरी ईमेल में बम और ग्रेनेड हमलों का जिक्र करते हुए समय भी बताया गया है। इसमें जालंधर के स्कूलों में ब्लास्ट और चंडीगढ़ में अलग-अलग सरकारी जगहों पर धमाके की बात कही गई है। ईमेल में अलगाववादी संदेश भी शामिल हैं, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई है।
साइबर सेल कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को जांच में शामिल किया गया है। तकनीकी टीम ईमेल के आईपी और लोकेशन को ट्रैक करने में जुटी है। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के चलते सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
CM भगवंत मान का बयान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि सरकार इस मामले को हल्के में नहीं ले रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी धमकियों की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।