Mohali News: मोहाली के विद्यालयों को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले, फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र
Feb 17, 2026
मोहाली: पंजाब में मोहाली के कुछ विद्यालयों को मंगलवार को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले जिनमें फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ये ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
मोहाली के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘विद्यालयों को दी गई बम विस्फोट की धमकी में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र है जहां हमने जांच की। गैर जरूरी सेवाएं रोक दी गईं लेकिन जरूरी सेवाएं जारी रहीं।’’ उन्होंने कहा कि पुलिस विद्यालयों में जांच कर रही है।
मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में मुख्यमंत्री भगवंत मान के भर्ती होने के मद्देनजर अस्पताल के भीतर और आसपास सुरक्षा पहले ही कड़ी है। मुख्यमंत्री मान को अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ ही घंटों बाद सोमवार शाम दोबारा भर्ती कराया गया। सूत्रों ने बताया कि मान को थकावट महसूस होने पर फिर से भर्ती कराया गया।
बीते बुधवार को भी मोहाली के 16 निजी विद्यालयों को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले थे जिसके बाद वहां से लोगों को बाहर निकाला गया था और पुलिस ने परिसरों की गहन तलाशी ली थी। हालांकि, किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इससे पहले चंडीगढ़, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और हरियाणा के विद्यालयों को भी इसी प्रकार की धमकियां मिली थीं। हालांकि ये सभी धमकियां फर्जी निकलीं।