Search

पंचकूला मोरनी बस हादसा: पहाड़ से टकराई स्कूली बच्चों से भरी बस, मची भारी चीख-पुकार

Mar 29, 2026 1:18 PM

पंचकूला। पंचकूला के पर्यटन स्थल मोरनी में रविवार की सुबह एक बड़े हादसे की खबर से दहल गई। एडवेंचर गतिविधियों और ट्रैकिंग का आनंद लेने आए महेंद्रगढ़ और नारनौल के स्कूली बच्चों की बस वापसी के दौरान अनियंत्रित हो गई। जानकारी के मुताबिक, बस अभी मोरनी से पिंजौर की ओर उतरी ही थी कि अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे सामने की पहाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और भीतर बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

बाल-बाल बची मासूमों की जान, सहमे हुए हैं बच्चे

गनीमत रही कि बस पहाड़ी की तरफ टकराई; अगर वह दूसरी तरफ गहरी खाई में गिर जाती, तो परिणाम बेहद भयावह हो सकते थे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों और दूसरी बसों में सवार शिक्षकों ने आनन-फानन में बच्चों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त बच्चे बुरी तरह डरे हुए थे और रो रहे थे। आनन-फानन में दूसरी बस का इंतजाम कर घायल बच्चों को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों ने कहा- 'खतरे की बात नहीं'

नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घायलों का उपचार जारी है। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के अनुसार, ज्यादातर बच्चों को मामूली चोटें और खरोंचें आई हैं। कुछ बच्चों को सिर और हाथ-पैर में गहरी चोट लगी है, लेकिन किसी की भी हालत चिंताजनक नहीं है। महेंद्रगढ़ से आए एक छात्र ने बताया कि सुबह का वक्त था और बस अचानक डगमगाने लगी, इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बस जोर से पहाड़ से भिड़ गई। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

एडवेंचर ट्रिप पर निकले थे दक्षिण हरियाणा के छात्र

बताया जा रहा है कि महेंद्रगढ़ और नारनौल क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से बच्चों का एक समूह एडवेंचर गतिविधियों के लिए मोरनी आया हुआ था। शनिवार को बच्चों ने कैंपिंग और ट्रैकिंग का लुत्फ उठाया था, लेकिन रविवार की वापसी उनके लिए डरावनी याद बन गई। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या हादसा बस की ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ या फिर चालक की लापरवाही इसके पीछे का कारण थी। फिलहाल, बच्चों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!