रेवाड़ी: उत्तरी भारत में कोहरे के कहर के कारण यातायात बेहद बाधित हो रहा है। कम विजिबिलिटी के चलते लगातार सड़क हादसे हो रहें हैं। सूबे के रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर देर रात घने कोहरे ने गंभीर सड़क हादसा पैदा कर दिया। गांव आसलवास के पास एक ट्रक और कैंटर की आमने-सामने टक्कर में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात ठप हो गया।
कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, विजिबिलिटी लगभग शून्य
पुलिस के अनुसार, देर रात घना कोहरा इतना बढ़ गया था कि वाहन चालक लगभग कुछ भी नहीं देख पा रहे थे। इसी दौरान ट्रक और कैंटर की टक्कर हुई। घायल दोनों लोगों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
राहत कार्य के दौरान ERV से टकराई इनोवा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की ERV टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी।
पुलिसकर्मी सुरक्षित, बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि टक्कर के समय पुलिसकर्मी गाड़ी के अंदर नहीं थे। वे सड़क पर खड़े होकर राहत कार्य में लगे थे, जिससे किसी का गंभीर नुकसान होने से बच गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
कसोला थाना पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसआई प्रीतम ने बताया कि अभी तक किसी प्रत्यक्षदर्शी का बयान दर्ज नहीं किया गया है। हादसे के कारणों की जांच जारी है, जिसमें कोहरे की स्थिति के साथ-साथ अन्य कारकों को भी देखा जा रहा है।