Haryana News: रेवाड़ी में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म होने से खाली लौटे ड्राइवर, डीजल उपलब्ध, शाम तक सप्लाई की उम्मीद
Mar 31, 2026 12:35 PM
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी शहर में बाईपास स्थित राजेश पायलट चौक के पास इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म हो गया है। सोमवार रात से ही पेट्रोल की सप्लाई बंद है, जिसके कारण मंगलवार को पंप पर पहुंचे वाहन चालकों को बिना तेल डलवाए वापस लौटना पड़ा। कर्मचारियों ने बताया कि शाम तक नई सप्लाई पहुंचने की संभावना है, तब तक केवल डीजल ही उपलब्ध है।
पेट्रोल खत्म होने से बढ़ी परेशानी
पंप पर पेट्रोल न मिलने से शहर के वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग लंबी दूरी तय करके पंप तक पहुंचे, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की स्थिति पहले कभी देखने को नहीं मिली, जिससे अचानक आई इस समस्या ने सभी को असहज कर दिया है।
पहले नहीं बनी ऐसी स्थिति
रेवाड़ी में इससे पहले कभी किसी बड़े पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म होने की नौबत नहीं आई थी। यहां तक कि अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध जैसे हालात के दौरान भी शहर में ईंधन की सप्लाई सामान्य बनी रही। इस बार अचानक पेट्रोल खत्म होने से लोगों में हैरानी भी देखी जा रही है।
डीजल उपलब्ध, पेट्रोल का इंतजार
पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, फिलहाल डीजल की कोई कमी नहीं है और वाहन चालक डीजल भरवा सकते हैं। हालांकि पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो चुका है और इसकी जानकारी पंप मालिक को दे दी गई है। सप्लाई आने के बाद ही स्थिति सामान्य हो पाएगी।
बाइक खींचकर पहुंचा चालक
गांव कौनसीवास के रहने वाले जोंगेंद्र ने बताया कि उसकी बाइक का पेट्रोल पोसवाल चौक के पास खत्म हो गया था। वह किसी तरह बाइक को खींचते हुए इस पेट्रोल पंप तक पहुंचा, लेकिन यहां भी पेट्रोल नहीं मिला। इस वजह से उसे और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।