Search

रेवाड़ी में एसीबी का बड़ा धमाका: कुंड चौकी इंचार्ज और एएसआई रिश्वत लेते गिरफ्तार

May 01, 2026 10:32 AM

रेवाड़ी। भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चला रही एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार शाम रेवाड़ी के कुंड चौकी में दबिश देकर एक बड़ी मछली को जाल में फंसाया है। एसीबी ने चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार और एएसआई कुलदीप को 7000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। खाकी को दागदार करने वाले इन दोनों पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

कोर्ट के आदेश भी नहीं आए काम, मांगी 'अपनी फीस'

पूरा मामला नांधा गांव के रहने वाले श्रवण कुमार से जुड़ा है। श्रवण की मोटरसाइकिल एक कानूनी मामले में पुलिस द्वारा इंपाउंड की गई थी। इसके बाद पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और कोर्ट ने मोटरसाइकिल मालिक को सौंपने (सुपुर्दगी) के आदेश जारी कर दिए। आदेश की कॉपी लेकर जब श्रवण कुंड चौकी पहुंचा, तो चौकी इंचार्ज योगेश और एएसआई कुलदीप ने वाहन छोड़ने के बदले 7000 रुपये की मांग रख दी। पीड़ित ने कानून का हवाला दिया, लेकिन आरोपियों ने बिना 'सुविधा शुल्क' के बाइक देने से साफ मना कर दिया।

कॉल रिकॉर्डिंग ने फंसाया, एसीबी ने कसा शिकंजा

भ्रष्ट पुलिसकर्मियों की इस मांग से परेशान होकर श्रवण कुमार ने हार मानने के बजाय उन्हें सबक सिखाने की ठानी। उसने रिश्वत की मांग को अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया और सबूतों के साथ एसीबी रेवाड़ी से संपर्क किया। ब्यूरो की टीम ने तुरंत जाल बिछाया और श्रवण को पाउडर लगे नोट देकर चौकी भेजा। जैसे ही शाम सात बजे के करीब चौकी के भीतर रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ, बाहर तैनात एसीबी की टीम ने धावा बोल दिया। आरोपियों के हाथ धुलवाए गए तो वे गुलाबी हो गए, जिससे मौके पर ही घूसखोरी की पुष्टि हो गई।

शुक्रवार को कोर्ट में होगी पेशी

ब्यूरो की इस कार्रवाई ने पुलिसिंग पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं कि जब अदालत के आदेशों को लागू करने के लिए भी पुलिसकर्मी पैसों की मांग कर रहे हों, तो आम आदमी कहां जाए। एसीबी के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से ब्यूरो उनकी रिमांड की मांग कर सकता है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खेल में कोई और भी शामिल तो नहीं था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!