Search

रेवाड़ी के दो गांवों की बदलेगी सूरत: आकेड़ा और घटाल महानियावास बनेंगे 'महाग्राम'

Mar 17, 2026 6:03 PM

रेवाड़ी। हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र से रेवाड़ी वासियों के लिए एक सुखद खबर निकलकर आई है। जिले के आकेड़ा और घटाल महानियावास गांवों को अब सरकार 'महाग्राम योजना' का हिस्सा बनाने जा रही है। दरअसल, ये दोनों गांव भौगोलिक रूप से एक-दूसरे से सटे हुए हैं और औद्योगिक हब भिवाड़ी की सीमा पर होने के कारण यहां आबादी का दबाव तेजी से बढ़ा है। रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव द्वारा सदन में उठाई गई पुरजोर मांग के बाद विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। सरकार के इस फैसले से इलाके में शहरी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीदें जाग गई हैं।

आबादी का समीकरण और विधायक की दलील

सदन में चर्चा के दौरान विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने तर्क दिया कि आकेड़ा और घटाल महानियावास में कई नई कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं, जो आपस में पूरी तरह जुड़ गई हैं। सरकारी आंकड़ों में भले ही आबादी कम दिखे, लेकिन अगर यहां किराए पर रहने वाले कामगारों और प्रवासियों को जोड़ लिया जाए, तो यह संख्या 25 हजार के आंकड़े को पार कर जाती है। विधायक ने मांग की थी कि इन गांवों को कंबाइंड कर महानगर की तर्ज पर सुविधाएं दी जाएं। उनकी इस दलील को स्वीकार करते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि 10 हजार से अधिक आबादी वाले क्षेत्रों को महाग्राम श्रेणी में रखकर वहां सीवर लाइन और ड्रेनेज जैसी सुविधाएं प्राथमिकता पर दी जाती हैं।

सीवर लाइन और जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान

इस क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या गंदे पानी की निकासी और सीवर व्यवस्था का न होना है। पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जानकारी दी कि दोनों पंचायतों के पास फिलहाल अपनी अतिरिक्त भूमि नहीं है, लेकिन दोनों को मर्ज करने के बाद महाग्राम योजना के तहत यहां सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू होगा। पंचायत विभाग ने इसके लिए 3 करोड़ रुपये से अधिक का प्रारंभिक प्रस्ताव भी तैयार किया है। इस परियोजना की बारीकियों और धरातल पर क्रियान्वयन के लिए एडीसी और जिला परिषद के सीईओ की एक संयुक्त विभागीय कमेटी गठित कर दी गई है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!