Search

रेवाड़ी में बड़ी कार्रवाई: बावल के गोदाम से 2500 अवैध गैस सिलेंडर बरामद, संचालक गिरफ्तार

Mar 18, 2026 10:59 AM

रेवाड़ी। रेवाड़ी के बावल इलाके में प्रशासन ने एक बड़ी त्रासदी को वक्त रहते टाल दिया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने मंगलवार शाम रसियावास फाटक के पास चल रहे एक अवैध गैस सिलेंडर गोदाम पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान टीम की आंखें तब फटी रह गईं, जब गोदाम के भीतर एक-दो नहीं बल्कि करीब 2500 छोटे गैस सिलेंडर बरामद हुए। ये सिलेंडर 'कैलाश एंड सन्स' नामक फर्म के गोदाम में छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें अवैध रूप से बाजार में खपाने की तैयारी थी।

गैस एजेंसियों की जांच के दौरान खुला राज

दरअसल, एएफएसओ सत्यप्रकाश के नेतृत्व में विभाग की इंफोर्समेंट टीम कुकिंग गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए औचक निरीक्षण पर निकली थी। टीम पहले नियमित रूप से गैस एजेंसियों के स्टॉक खंगाल रही थी, लेकिन तभी गुप्त सूचना के आधार पर बावल के रसियावास रोड स्थित इस संदिग्ध गोदाम पर रेड की गई। देर शाम तक चली इस कार्रवाई में विभाग के सप्लाई इंचार्ज रविंद्र कुमार और सब इंस्पेक्टर जयबीर सिंह की टीम सिलेंडरों की गिनती में जुटी रही। भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना पर तुरंत स्थानीय पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया।

सिंगल लेयर सिलेंडर: चूल्हा नहीं, चलता-फिरता बम

जब्त किए गए सिलेंडरों की बनावट ने विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों के मुताबिक, ये 1 से 5 किलो वाले 'पेट्रोमैक्स' सिलेंडर सिंगल लेयर लोहे से बने होते हैं, जो मानक सुरक्षा पैमानों पर कतई खरे नहीं उतरते। सप्लाई इंचार्ज रविंद्र कुमार ने बताया कि इन सिलेंडरों को बेचने की कोई कानूनी अनुमति नहीं है। गैस का दबाव थोड़ा भी बढ़ने पर ये सिलेंडर फटने की पूरी आशंका रहती है। इस तरह के असुरक्षित सिलेंडरों का इस्तेमाल घनी आबादी वाले क्षेत्रों में किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है।

पुलिस की गिरफ्त में गोदाम मालिक

प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए न केवल सिलेंडरों को जब्त किया, बल्कि गोदाम संचालक को भी मौके से हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन सिलेंडरों की मैन्युफैक्चरिंग कहाँ हो रही थी और इन्हें किन-किन दुकानों पर सप्लाई किया जाना था। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अवैध वेंडरों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!