Search

रेवाड़ी का 'बॉबी राव' गिरफ्तार: बंद दुकान की दीवार तोड़कर 9 लाख का माल किया साफ

Apr 11, 2026 10:23 AM

रेवाड़ी। रेवाड़ी शहर के पॉश इलाके ब्रह्मगढ़ में कानून को ठेंगा दिखाने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक रसूखदार शख्स ने न केवल बंद दुकान में सेंधमारी की, बल्कि उस पर कब्जा करने की नीयत से रातों-रात निर्माण कार्य भी करा दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी प्रवीण उर्फ बॉबी राव को दबोच लिया है। बॉबी राव की गिनती शहर के रसूखदारों में होती है और राजनीतिक गलियारों में भी उसकी अच्छी खासी पैठ मानी जाती है, लेकिन इस बार कानून के लंबे हाथों ने उसकी गर्दन दबोच ली है।

दुकानदार के निधन के बाद रची गई कब्जे की साजिश

पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि ब्रह्मगढ़ की यह दुकान साल 1986 से एक ही परिवार के पास थी। पिछले कुछ समय से इसे रोशनलाल नामक व्यक्ति किराए पर चला रहे थे। दुर्भाग्यवश, 17 मार्च 2026 को बीमारी के चलते रोशनलाल का पीजीआई रोहतक में निधन हो गया। परिवार शोक में था और दुकान बंद पड़ी थी। इसी सूनेपन का फायदा बॉबी राव ने उठाया। आरोप है कि उसने दुकान के पीछे वाले प्लॉट की तरफ से दीवार तुड़वाई और अंदर घुसकर करीब 9 लाख रुपये का कीमती सामान पार कर दिया। हद तो तब हो गई जब उसने कब्जे की नीयत से दुकान के सामने एक नई दीवार भी खड़ी कर दी ताकि कोई अंदर न जा सके।

29 मार्च को खुला राज, दंग रह गए परिजन

वारदात का खुलासा तब हुआ जब 29 मार्च को मृतक रोशनलाल के परिजन दुकान संभालने पहुंचे। वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दुकान के सामने नई दीवार देख उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और जब पड़ताल की गई तो पता चला कि अंदर का सारा कीमती सामान गायब है। आनन-फानन में मॉडल टाउन थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत केस दर्ज किया और तफ्तीश की सुई बॉबी राव की तरफ घूमी, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

विवादों से पुराना नाता, अब पुलिस खंगाल रही कुंडली

सेक्टर-3 चौकी प्रभारी एसआई राकेश ने बताया कि बॉबी राव का ट्रैक रिकॉर्ड पहले भी दागदार रहा है। उस पर महिला से छेड़छाड़ समेत कई अन्य विवादित मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी साजिश में बॉबी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। क्या यह महज एक चोरी थी या इसके पीछे किसी बड़े लैंड माफिया का हाथ है, इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर चोरी किए गए माल की बरामदगी की कोशिश कर रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!