ट्रेन में गहने ले जाने वाले सावधान! 60 लाख की चोरी का पर्दाफाश, 30 लाख का माल बरामद
Apr 04, 2026 5:27 PM
रेवाड़ी। रेलवे में सफर के दौरान सुरक्षा के दावों के बीच 31 मार्च को हुई एक बड़ी वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था। दिल्ली निवासी सरिता राठी जब अपने परिवार के साथ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से नोखा से दिल्ली लौट रही थीं, तब शातिर चोरों ने उनके पास रखे करीब 60 लाख रुपये के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था। जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) के लिए यह मामला किसी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन डीएसपी राजेश कुमार चेची के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों के जाल के जरिए इस गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने न केवल मुख्य आरोपियों को दबोचा, बल्कि उस सुनार तक भी पहुंच गई जिसने चोरी का माल खरीदा था।
बिजनौर और बागपत के निकले शातिर चोर, रेवाड़ी जंक्शन पर बिछाया जाल
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिजनौर निवासी रमेश त्यागी (54) और बागपत के प्रिंसपाल (29) के रूप में हुई है। रमेश त्यागी फिलहाल दिल्ली के नांगलोई इलाके में रह रहा था। जीआरपी ने इन दोनों को रेवाड़ी रेलवे जंक्शन के पास संदिग्ध हालत में घूमते हुए गिरफ्तार किया। कड़ाई से हुई पूछताछ में इन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेनों में रेकी कर अमीर दिखने वाले परिवारों को निशाना बनाते थे। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में वारदात वाले दिन इन्होंने एक अन्य महिला का पर्स भी पार किया था, जिसमें सोने की अंगूठियां और हजारों की नकदी थी।
मेरठ के सुनार तक पहुंची पुलिस, 30 लाख का माल बरामद
चोरों ने खुलासा किया कि वारदात के तुरंत बाद उन्होंने लूटे गए गहनों का एक बड़ा हिस्सा मेरठ के एक सुनार को बेच दिया था। जीआरपी की टीम ने तत्काल मेरठ में छापेमारी कर संबंधित सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया। अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने करीब 30 लाख रुपये के आभूषण बरामद कर लिए हैं। डीएसपी राजेश कुमार चेची ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और बाकी के 30 लाख के जेवरात कहां छिपाए गए हैं।
यात्रियों की सुरक्षा पर पुलिस की पैनी नजर
इस बड़ी कामयाबी के बाद जीआरपी ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में सक्रिय गिरोहों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। डीएसपी ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य चोरी की वारदातों के सुराग मिलने की उम्मीद है। 60 लाख की इस डकैती के सुलझने से रेल यात्रियों ने राहत की सांस ली है, वहीं रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान अपने कीमती सामान और गहनों के प्रति अतिरिक्त सतर्कता बरतें। फिलहाल, पुलिस रिमांड के दौरान रिकवरी के अगले चरण पर काम कर रही है।