Search

Rewari News: रेवाड़ी में कार के अंदर मिला स्कूल संचालक का शव, दो दिन से थे लापता

May 21, 2026 12:37 PM

रेवाड़ी। रेवाड़ी के पॉश इलाके सेक्टर-18 के नजदीक उस समय सनसनी फैल गई, जब गढ़ी बोलनी रोड को जोड़ने वाले मार्ग पर खड़ी एक लावारिस कार के भीतर से एक शख्स का शव बरामद किया गया। मृतक की शिनाख्त विकास नगर कंकरवाली के रहने वाले आकाश गौड़ (45) के रूप में हुई है। आकाश बूढ़पुर गांव में एक प्राइमरी स्कूल का संचालन करते थे और इलाके के गणमान्य लोगों में गिने जाते थे। परिजनों के मुताबिक, आकाश बीते 18 मई को घर से किसी जरूरी काम का हवाला देकर अपनी कार से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे।

मासूम बेटे ने रास्ते में देखी पिता की गाड़ी, घर लौटकर दी जानकारी

इस खौफनाक दास्तान का खुलासा तब हुआ जब आकाश के बेटे ने बुधवार, 20 मई को स्कूल जाते समय रास्ते में अपने पिता की कार को लावारिस हालत में खड़ा देखा। सुबह स्कूल बस की खिड़की से गाड़ी पर नजर पड़ने के बाद, उसने दोपहर को घर लौटते ही अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। बेटे की बात सुनते ही परिजनों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं, क्योंकि 19 मई के बाद से आकाश का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। परिवार वाले बिना वक्त गंवाए तुरंत उस लोकेशन की तरफ दौड़े जिसे बच्चे ने बताया था।

सीट पर इस हालत में मिला शव, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तोड़ी उम्मीद

परिजन जब मौके पर पहुंचे तो नजारा बेहद खौफनाक था। कार के भीतर आकाश गौड़ ड्राइवर सीट पर बेसुध अवस्था में बैठे हुए थे। आनंद-फानन में गाड़ी का दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पाकर मॉडल टाउन थाना पुलिस की टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, हर एंगल से हो रही जांच

मॉडल टाउन थाना पुलिस के मुताबिक, कार की शुरुआती जांच में किसी भी तरह की लूटपाट या जबरदस्ती के निशान नहीं मिले हैं। आकाश का मोबाइल, पर्स और गाड़ी में रखा अन्य कीमती सामान अपनी जगह पर पूरी तरह सुरक्षित पाया गया है। ऐसे में यह आत्महत्या का मामला है, दिल का दौरा पड़ने से मौत हुई है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है, इस पर पुलिस अभी कुछ भी खुलकर बोलने से बच रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर उसे नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है और पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!