Search

हरियाणा की तीन बेटियां चीन में दिखाएंगी दम, एशियन बीच कबड्डी गेम्स में भारत को पदक की उम्मीद

Apr 20, 2026 10:09 AM

हरियाणा। चीन के सान्या शहर में आगामी 22 अप्रैल से शुरू होने जा रहे 'एशियन बीच गेम्स 2026' के लिए भारतीय कबड्डी टीम ने कमर कस ली है। इस बार भारतीय महिला टीम की बागडोर हरियाणा की बेटी रितु श्योराण के हाथों में होगी।

चरखी दादरी के छोटे से गांव बिलावल की रहने वाली रितु ने अपनी मेहनत के दम पर न केवल टीम में जगह बनाई, बल्कि कप्तानी का जिम्मा भी हासिल किया। रितु इससे पहले विश्व कप विजेता भारतीय टीम की सदस्य रह चुकी हैं और मैदान पर राइट कॉर्नर की पोजीशन संभालते हुए विरोधियों के पसीने छुड़ाने के लिए जानी जाती हैं।

हिसार की मनीषा और निकिता भी मचाएंगी धमाल

भारतीय महिला टीम के चयन में इस बार हरियाणा के कोटे से आधी टीम नजर आ रही है। कप्तान रितु के अलावा हिसार जिले की दो होनहार खिलाड़ी, मनीषा कुमारी और निकिता ने भी अपनी जगह पक्की की है।

खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सैंड (रेत) पर खेली जाने वाली कबड्डी पारंपरिक मैट कबड्डी से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण होती है, लेकिन हरियाणा की इन बेटियों का शारीरिक सौष्ठव और स्टैमिना भारत को गोल्ड मेडल दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। रितु फिलहाल हंसावास खुर्द की वाइब्रेंट एकेडमी में कोच के मार्गदर्शन में पसीना बहा रही हैं।

नीरज नरवाल संभालेंगे पुरुष टीम का मोर्चा

सिर्फ महिला वर्ग ही नहीं, बल्कि पुरुष कबड्डी टीम में भी हरियाणा की खेल संस्कृति की धमक दिखाई देगी। प्रो-कबड्डी के स्टार खिलाड़ी नीरज नरवाल को भारतीय पुरुष टीम में शामिल किया गया है। 22 से 27 अप्रैल के बीच होने वाले इन मुकाबलों में भारत को गोल्ड मेडल का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि 2026 का यह एशियन सफर हरियाणा के खिलाड़ियों के दम पर तिरंगे की शान को और बढ़ाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!