Monday, Jan 12, 2026

विश्व चैंपियनशिप विजेता अंतिम ने कुश्ती राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता, टीम खिताब हरियाणा के नाम


136 views

अहमदाबाद: दो बार की विश्व चैंपियनशिप विजेता अंतिम पंघाल ने शुक्रवार को यहां शुरू हुई 2025 सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में महिला 55 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। टूर्नामेंट के पहले दिन महिला कुश्ती के सभी 10 भार वर्गों में मुकाबले हुए जहां देश की पहलवानों ने 2026 एशियाई खेलों और अगले ओलंपिक चक्र की तैयारी शुरू की। रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) का प्रतिनिधित्व कर रही ओलंपियन अंतिम पंघाल अब 55 किलोग्राम भार वर्ग में खेल रही हैं जबकि पहले वह 53 किलोग्राम में खेलती थीं। उनके अलावा मनीषा (57 किलोग्राम) और निशा दहिया (68 किलोग्राम) ने भी अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक जीते। प्रिया मलिक को 76 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में हरियाणा की ज्योति बेरवाल से हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। 


विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मानसी ने 62 किलोग्राम वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया। राजस्थान की अंजली ने 53 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा की रजनीता ने 59 किलोग्राम वर्ग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। हरियाणा की पुलकित ने 65 किलोग्राम वर्ग में जीत हासिल की, जबकि सेना खेल संवर्धन बोर्ड (एसएससीबी) की दीक्षा ने 72 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा ने 190 अंकों के साथ महिला टीम खिताब अपने नाम किया। आरएसपीबी की टीम 144 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि दिल्ली ने 112 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय चैंपियनशिप का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) आगामी शिविरों और चयन ट्रायल के लिए यहां से प्रतिभाओं की पहचान करने का प्रयास करेगा। पुरुषों की फ्रीस्टाइल प्रतियोगिताएं शनिवार को आयोजित की जाएगी जिसमें पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता अमन 61 किलोग्राम वर्ग में चुनौती पेश करेंगे।

author

Vinita Kohli

विश्व चैंपियनशिप विजेता अंतिम ने कुश्ती राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता, टीम खिताब हरियाणा के नाम

Please Login to comment in the post!

you may also like