Search

वोडाफोन आइडिया का शेयर बना रॉकेट, 52-वीक हाई पर पहुंचा भाव, 1 महीने में दिया 46% रिटर्न

May 27, 2026 3:40 PM

भारतीय टेलीकॉम सेक्टर में रिलायंस जियो और भारती एयरटेल की आंधी के आगे घुटने टेक चुकी वोडाफोन आइडिया (Vi) ने बाजार में शानदार वापसी की है। जो निवेशक कभी इस शेयर से दूरी बना रहे थे, वे अब इसमें पैसा लगाने के लिए कतार में खड़े दिख रहे हैं। बुधवार को शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में कंपनी का स्टॉक एक फीसदी से ज्यादा उछलकर 14.29 रुपये के स्तर को छू गया। यह इस शेयर का पिछले 52 हफ्तों का सबसे उच्चतम स्तर है। अगर पिछले 30 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो इस पेनी स्टॉक ने अपने शेयरधारकों को 46 फीसदी का बंपर रिटर्न देकर सबको चौंका दिया है।

ट्राई के आंकड़ों ने पलटी बाजी, लगातार तीसरे महीने बढ़े ग्राहक

इस जादुई तेजी की सबसे बड़ी और असल वजह कंपनी के बिजनेस मॉडल में आ रहा जमीनी सुधार है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) द्वारा जारी हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2026 में वोडाफोन आइडिया ने अपने नेटवर्क पर 53,257 नए एक्टिव ग्राहक जोड़े हैं। हालांकि जियो और एयरटेल के मुकाबले यह संख्या ऊंट के मुंह में जीरे के समान है, लेकिन बाजार के लिए राहत की बात यह है कि कंपनी से ग्राहकों का छिटकना बंद हो गया है। इससे पहले मार्च में वोडाफोन ने 1.03 लाख और फरवरी में 21,927 नए उपभोक्ता जोड़े थे। लगातार तीन महीनों का यह सकारात्मक ट्रेंड बताता है कि मैनेजमेंट की रणनीतियां जमीन पर काम कर रही हैं।

क्रिसिल का भरोसा और कुमार मंगलम बिड़ला की वापसी का जादू

मार्केट सेंटिमेंट को दूसरा बूस्ट देश की प्रतिष्ठित क्रेडिट रेटिंग एजेंसी 'क्रिसिल' (CRISIL Ratings) से मिला है। क्रिसिल ने वोडाफोन आइडिया की वित्तीय साख की समीक्षा करते हुए इसकी क्रेडिट रेटिंग को अपग्रेड कर 'A- (स्टेबल आउटलुक)' की श्रेणी में डाल दिया है। रेटिंग सुधरने का सीधा फायदा यह होगा कि अब बैंकों और वित्तीय बाजारों से कंपनी को कम ब्याज दर पर कर्ज या फंड मिल सकेगा। क्रिसिल ने अपनी रिपोर्ट में साफ कहा है कि प्रमोटर आदित्य बिड़ला समूह का लगातार मिल रहा वित्तीय बैकअप और कुमार मंगलम बिड़ला की बतौर चेयरमैन कमान संभालना, इस बात का सबूत है कि कंपनी को डूबने नहीं दिया जाएगा।

5G नेटवर्क और 4G के विस्तार पर खर्च होंगे ₹45,000 करोड़

भविष्य की तैयारियों को लेकर भी कंपनी ने अपना रोडमैप साफ कर दिया है। क्रिसिल के मुताबिक, वोडाफोन आइडिया ने वित्त वर्ष 2027 से 2029 के बीच करीब ₹45,000 करोड़ का भारी-भरकम पूंजीगत व्यय (Capex) करने का खाका खींचा है। इस मोटी रकम का बड़ा हिस्सा देश के उन 17 प्रमुख टेलीकॉम सर्किलों में खर्च किया जाएगा जहां से कंपनी को सबसे ज्यादा रेवेन्यू मिलता है। यहाँ 4G नेटवर्क की क्षमता को अपग्रेड किया जाएगा और नई 5G साइट्स इंस्टॉल की जाएंगी। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस भारी निवेश के बाद कंपनी के ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDAR) और कैश फ्लो में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है, जिससे यह शेयर लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकता है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!